रूद्रसागर पर बन रहा पैदल पुल दिसंबर में होगा पूरा!

तेजी से चल रहा काम, पिछले दिनों कलेक्टर भी कर चुके निरीक्षण, जल्दी काम पूरा करने का दे चुके हैं निर्देश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जनवरी में शुरू हो सकता है लाइट एंड साउंड शो
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। श्री महाकाल महालोक के दूसरे फेज का काम के तहत रूद्रसागर के ऊपर बन रहे पैदल पुल का काम दिसंबर तक पूरा हो सकता है। इन दिनों तेजी से काम किया जा रहा है ताकि निर्धारित समयसीमा में इसे पूरा किया जा सकता है। पिछले दिनों कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने भी निरीक्षण करते हुए काम की प्रगति देखी थी। पुल बनने के बाद श्रद्धालुओं को चारधाम मंदिर की ओर से पैदल घूमकर नहीं जाना पड़ेगा।
इसके अलावा भगवान महाकाल के दर्शन एवं पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को रूद्रसागर के साथ महाकाल महालोक में पांच स्थानों पर शिव गाथा दिखाई और सुनाई देगी। इसके लिए लाइट एंड साउंड शो जनवरी में शुरू करने की बात कही जा रही है। यह काम मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद इसे श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के हैंडओवर किया जाएगा। इसके बाद समिति तय करेगी कि इसका संचालन वह स्वयं करेगी या अन्य किसी एजेंसी के माध्यम से इसे संचालित किया जाएगा।
ऐसा हो लाइट एंड साउंड शो
लाइट एंड साउंड शो के नए साल में जनवरी से शुरू होने क बात कही जा रही है। शो के तहत शिव स्तंभ, रूद्रसागर पर लगभग ३० मिनट का शो किया जाएगा। इसमें श्री महाकालेश्वर मंदिर के संबंध में जानकारी दी जाएगी। साथ ही शिव महापुराण और उससे जुड़ी कथाओं के संबंध में बताया जाएगा।









