सियार सिंगी के लिए किया था शिकार

युवक गिरफ्तार, पिता फरार, मोबाइल से मिला तड़पा-तड़पाकर मारने का वीडियो

उज्जैन। महंगे दामों पर बिकने वाली सियार सिंगी के लिए सियार का शिकार करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने तीन सियारों को जमीन से निकालकर उनका शिकार किया था।
उज्जैन वन विभाग ने जीवाजीगंज पुलिस की मदद से एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो जंगली जीव सियार का शिकार करता था। वन विभाग ने आरोपी के मोबाइल से शिकार के खौफनाक वीडियो भी बरामद किए हैं।
वन विभाग डीएफओ अनुराग तिवारी ने बताया कि जीवाजीगंज थाना पुलिस ने तिलकेश्वर कॉलोनी निवासी मिथुन पिता राजू (21) को सियार की हत्या के आरोप में पकड़ा था। पुलिस ने उसके मोबाइल से सियार के शिकार के वीडियो भी जब्त किए। वन विभाग की टीम ने युवक से से पूछताछ की, तो उसने कबूला कि वह लंबे समय से सियारों का शिकार कर रहा है। आरोपी के मोबाइल से मिला वीडियो 23 मई का है।
जिसमें साफ दिख रहा है कि आरोपी चिंतामन थाना क्षेत्र के ग्राम चंदावल के जंगलों में जमीन की एक खोह (गुफा जैसी जगह) से सियार की टांग पकड़कर उसे बाहर खींचता है और फिर बेरहमी से जमीन पर पटक-पटक कर मार डालता है। डीएफओ ने बताया कि ये लोग सियार सिंगी के लिए सियार का शिकार करते हैं। सिंगी निकाल कर उसका मांस खा जाते हैं। पूछताछ में मिथुन ने बताया कि इस काम में उसका पिता राजू भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत जेल: वन विभाग ने आरोपी मिथुन और उसके पिता के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 50 और 51 के तहत अपराध दर्ज किया है। मंगलवार को आरोपी मिथुन को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
क्या है सियार सिंघी? महंगे दामों पर बिकती है
सामान्यत: सियार के सींग नहीं होते। तंत्र मान्यताओं के अनुसार, कुछ विशेष सियारों के सिर पर मांस का एक उभार या गांठ बन जाती है, जिसे सियार सिंगी कहते हैं। अंधविश्वास है कि इसे तंत्र क्रियाओं के जरिए सिद्ध कर तिजोरी या व्यापार स्थल पर रखा जाता है। इससे धन-धान्य की वृद्धि होती है, वशीकरण होता है और शत्रु बाधा शांत होती है।









