जनसुनवाई में दिखा दिवाली का असर, 22 ही आवेदक पहुंचे, बड़े अफसरों की जगह अपर कलेक्टर शर्मा ने सुनवाई की

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मंगलवार को हुई जनसुनवाई में दिवाली का असर दिखाई दिया। सीएम के उज्जैन में रहने से बड़े अफसरों की जगह अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा ने सुनवाई की। इस बार सिर्फ 22 ही आवेदक पहुंचे। पिछली बार यह संख्या 120 से ज्यादा थी। शर्मा ने आवेदन से संबंधित अफसरों को जरूरी निर्देश दिएहैं। सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल स्थित कलेक्टर सभागार में जनसुनवाई हुई। इसमें धोखे से जमीन बेचने और दुकान लगाने की अनुमति नहीं मिलने जैसे मसले सामने आए।
केस 1- उज्जैन के बाबूलाल मारोठिया ने उन्हें निजी जमीन बताकर सरकारी जमीन बेच देने की शिकायत की। मारोठिया ने बताया कि अनावेदक ने उन्हें शासकीय भूमि स्वयं की बताकर बेच दी है।
कार्रवाई- तहसीलदार, उज्जैन को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
केस 2- मक्सी रोड बैकुंठधाम कॉलोनी की वर्षा विश्वकर्मा ने चाय की दुकान लगाने के लिए अनुमति नहीं मिलने का हवाला दिया।
कार्रवाई- अपर कलेक्टर ने नगर निगम को संबंधित प्रकरण में कार्रवाई के निर्देश दिए।
केस 3- माकड़ौन के ग्राम लालाखेड़ी के कालूदास बैरागी ने सहकारी संस्था रूपाखेड़ी द्वारा एक अनावेदक को गलत तरीके से दो बार कर्ज देने की शिकायत की। बैरागी ने सहकारी संस्था द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने का हवाला दिया। कार्रवाई- अपर कलेक्टर ने प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए।
केस 4- खरसौद खुर्द निवासी प्रेम सिंह ने जिला सहकारी बैंक द्वारा रास्ते की जमीन पर सीमांकन कर बाउंड्री निर्माण की शिकायत की। उन्होंने मांग की कि सहकारी बैंक को आवंटित भूमि के मूल आवंटन आदेश एवं स्वीकृत नक्शे की जांच करवाई जाए।
कार्रवाई- अपर कलेक्टर ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।
केस 5- बडऩगर तहसील के बांदरबेला निवासी घनश्याम सिंह ने उनके प्लॉट के सामने स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर रास्ता बंद करने की शिकायत की। विद्युत ट्रांसफार्मर को घेरने और आवागमन में परेशानी की शिकायत की है।
कार्रवाई- अपर कलेक्टर ने बडऩगर तहसीलदार को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।









