टॉवर चौक पर स्थापित बाबा अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा रात से ही सुरक्षा घेरे में

By AV NEWS

परिसर में सशस्त्र पुलिस बल तैनात, सुरक्षा के लिहाज से कैमरे लगाए

सोमवार रात से ही पुलिस ने लगाया कैंप

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा सुरक्षा के घेरे में है। जिला और पुलिस प्रशासन सतर्क है। किसी प्रकार का कोई विवाद न हो, कोई व्यक्ति कोई हरकत न कर दे इसलिए कैमरे भी लगा दिए गए हैं। प्रतिमा का अनावरण होना अभी शेष है। कार्यक्रम बनाया जा रहा है।

सोमवार की रात पुलिस विभाग के आला अधिकारी टॉवर चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा को लेकर भ्रमण करते नगर आए। बारी-बारी से अधिकारियों के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। बताया जाता है कि बाबा साहब के कुछ समर्थकों ने दोपहर में अनावरण की चेतावनी दे दी थी। इसी के बाद दूसरे गुट ने मंशा जताई कि प्रतिमा का अनावरण २६ नवंबर के पहले सीएम के हाथों हो जाए। प्रशासन प्रतिमा को लेकर एक बार गच्चा खा चुका था। इस बार कोई विवाद की स्थिति न बने लिहाजा, सुरक्षा पर जोर दिया गया।

ग्वालियर से आई बाबा साहब की नई प्रतिमा

पिछले दिनों से विक्षिप्त व्यक्ति ने टॉवर चौक पर लगी बाबा साहब की प्रतिमा का क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस घटना की व्यापक प्रतिक्रिया हुई। प्रशासन नई प्रतिमा के लिए प्रयास किए और पता चला कि ग्वालियर में मूर्तिकार हैं। वहीं से प्रतिमा तैयार कराई गई। निर्धारित स्थान पर अनावरण के लिए प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। अभी प्रतिमा कपड़े में लपेट कर सुरक्षित रखी गई है। अब देखना है कि प्रतिमा का अनावरण कब होता है। फिलहाल चर्चा यही है कि सीएम डॉ. मोहन यादव २१ नवंबर को मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखने आ रहे हैं उन्हीं के हाथों अनावरण कराया जाए। सुरक्षा के कड़े प्रबंध

प्रतिमा की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने प्रतिमा स्थल पर सोमवार की रात में ही कैमरे लगवा दिए थे। अशोक चौधरी के नेतृत्व में टीम के सदस्य कैमरे स्थापित कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर बंदूकधारी जवानों को भी तैनात किया गया। बंदूकधारी जवानों को सख्त हिदायत थी कि वे अपने कर्तव्य का पालन ठीक ढंग से निभाएंगे। रात भर जवानों ने प्रतिमा स्थल और आसपास के परिसर में अपनी ड्यूटी दी।

और यहीं पर रात बिताई

बाबा साहब की प्रतिमा परिसर के बाहर का नजारा भी चौंकाने वाला था। सोमवार की रात में ही पुलिस लाइन से एक ट्रक आया जिसमें कैंप का साजो-सामान था। पुलिस कर्मचारियों का एक दल उतरा और देखते ही देखते कैंप बना दिया। इस कैंप में पुंलिस कर्मचारियेां के दल ने रात बिताई। उनके पास भी सुरक्षा के सभी इंतजाम थे।

सावधानी बरतना जरुरी है

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा का कहना था कि हमारी टीम सचेत और सतर्क है। पिछले दिनों किसी विक्षप्त ने बाबा साहब की प्रतिमा को क्षति पहुंचाई थी। हमारी टीम ने कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग दिया। प्रतिमा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपी ने शहर के लोगों से यह अपील भी की है कि पुलिस को यदि सहयोग दिया जाएगा तो कानून-व्यवस्था बनाने में और मजबूती आएगी। शहर में गुंडे बदमाशों का आतंक खत्म हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन बहुतेरे प्रयास कर रहा है।

Share This Article