लैब में जांचेंगे चौड़ीकरण मेें प्रभावित मकानों की मजबूती

मकान गिरने की घटना के बाद प्रशासन सजग, कमी मिला तो गिराएंगे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कंठाल चौराहे से सती गेट तक सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आए मकानों के हिस्से हटाने के बाद, बचे हुए मकानों की मजबूती का लैब में वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए। अगर मजबूती में कमी पाई जाती है तो मकान को पूरी तरह गिराया जाएगा।
यह निर्देश निगम आयुक्त अभिलाष मिश्र ने रविवार सुबह निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसियों को दिए हैं। उन्होंने भवन अधिकारियों को विशेष रूप से सचेत किया कि जो भी भवन गिराऊ या जर्जर अवस्था में दिख रहे हैं, उन्हें जनहानि की आशंका को देखते हुए तुरंत हटाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विशेष निर्देश पर सिंहस्थ के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त खुद मोर्चे पर डटे हुए हैं।
वे लगातार मैदानी निरीक्षण कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने बाबा महाकाल की शाही सवारी के मुख्य भ्रमण मार्ग यानी कंठाल चौराहा से सतीगेट एवं छत्री चौक तक चल रहे चौड़ीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर बेहद कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कहा कि कंठाल चौराहे से सती गेट तक सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आए मकानों के हिस्से हटाने के बाद, बचे हुए मकानों की मजबूती का लैब में वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए। जो भी भवन गिराऊ या जर्जर अवस्था में दिख रहे हैं, उन्हें जनहानि की आशंका को देखते हुए तुरंत हटाया जाए।
मलबे की सफाई और जल निकासी के निर्देश
निगम आयुक्त के निरीक्षण के दौरान छत्री चौक चौराहे पर नाली के ऊपर मौजूद अस्थाई अतिक्रमण को उनके निर्देश के तत्काल बाद मौके पर ही हटा दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि सती गेट से खड़े हनुमान मंदिर तक फैले मलबे को जल्द से जल्द साफ कर नाली निर्माण का काम तेजी से पूरा किया जाए। मार्ग पर जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए ठेकेदार को सीवर मशीन का उपयोग कर पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नए स्वरूप में दिखेगा अब टंकी चौराहा
छत्री चौक स्थित पुरानी पानी की टंकी को हटाए जाने के बाद, अब उस पूरे चौराहे को नया स्वरूप दिया जा रहा है। आयुक्त श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौराहे की स्वीकृत ड्राइंग और डिजाइन के अनुरूप ही लेवल मेंटेन करने का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए। इसके अलावा, छत्री चौक से सत्यनारायण मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के तहत गेबी हनुमान से सत्यनारायण मंदिर के बीच सीआरएम के बाद डीएलसी का कार्य प्रगति पर है।
निगम आयुक्त ने ठेकेदार को हिदायत दी कि वर्तमान में खुले और साफ मौसम का पूरा फायदा उठाते हुए पीक्यूसी (सड़क की अंतिम कंक्रीट लेयर) का कार्य शीघ्र अति शीघ्र पूरा करें।निगम आयुक्त के साथ अपर आयुक्त संतोष टैगोर, पवन सिंह, अधीक्षण यंत्री आर.के. जैन, सहायक आयुक्त घनश्याम मचार, सहायक यंत्री डी.एस. परिहार, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, उपयंत्री सौम्या चतुर्वेदी भी साथ थे।









