डॉक्टरों के फर्जी साइन कर सील लगवाने चरक अस्पताल के रिकॉर्ड रूम में पहुंची महिला को स्टाफ ने रंगेहाथ पकड़ा

आरएमओ ने कोतवाली पुलिस के सुपूर्द किया, सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। मंगलवार दोपहर एक महिला अवकाश सर्टिफिकेट के दो कागज लेकर चरक अस्पताल के रिकॉर्ड रूम में सील लगवाने पहुंची। सर्टिफिकेट पर दो डॉक्टरों के हस्ताक्षर थे। रिकॉर्ड कीपर ने डॉक्टर के हस्ताक्षर फर्जी होने की आशंका जताकर आरएमओ कार्यालय को सूचना दी। डॉक्टरों ने साइन अपने होने से इंकार किया। इस दौरान दोनों कागज छीनकर महिला ने अपने साथी को दिए। स्टाफ ने महिला को घेर लिया और कोतवाली पुलिस के सुपूर्द किया है।
यह था मामला
चरक अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार एक महिला रशिका तिवारी नामक महिला के अवकाश 2-2 माह के अवकाश सर्टिफिकेट के दो कागज लेकर अस्पताल के रिकार्ड रूम में पहुंची थी। सर्टिफिकेट पर डॉ. अंशु वर्मा और डॉ. अदिति सिंह के हस्ताक्षर थे।
रिकॉर्ड कीपर ने दोनों डॉक्टर के हस्ताक्षर पहचाने और आरएमओ कार्यालय स्टाफ को सूचना दी। महिला सर्टिफिकेट पर सील लगवाना चाहती थी। उसे स्टाफ के लोगों ने पकड़ा तो महिला ने स्टाफकर्मी के हाथ से फर्जी साइन किए हुए सर्टिफिकेट छीने व अपने साथ आए युवक को दे दिए। युवक वह कागज लेकर चरक अस्पताल से भाग गया, लेकिन स्टाफ से घिरी महिला यहां से बचकर भाग नहीं पाई।
पकड़ाई तो स्टाफ पर ही लगाया आरोप
फर्जी सर्टिफिकेट पर सील लगवाने आई महिला अपना नाम कभी स्वाति तो कभी रीति बता रही थी। उसे जब स्टाफ के लोगों ने रंगे हाथों पकड़ा तो वह पुरुष कर्मचारियों पर झूठे आरोप लगाने लगी। आरएमओ डॉ. नीतराज गौर ने इसकी सूचना कोतवाली थाना प्रभारी को दी। थाने से पुलिस अस्पताल पहुंची। महिला को पकड़ा और सीसीटीवी फुटेज चैक किए जिसमें उक्त महिला एक व्यक्ति के साथ हाथ में कागज लेकर अस्पताल के विभागों में आते-जाते दिख रही थी।
डॉक्टरों ने थाने में दिया आवेदन
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार जिस रशिका तिवारी नामक महिला के अवकाश का सर्टिफिकेट बनवाने महिला आई थी वह नीमच जेलकर्मी है। किसी मामले को लेकर वह 6 माह से ड्यूटी पर नहीं जा रही थी। नौकरी में ज्वाइनिंग देने के लिए वह फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने की जुगाड़ में थी लेकिन पकड़ा गई। डॉ. अंशु वर्मा और डॉ. अदिति सिंह ने महिला के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायती आवेदन दिया है।









