सहेली को डिनर पर ले गई और लूट करवा दी, महिला और युवक गिरफ्तार,SP ने किया खुलासा

– आगर-उन्हेल रोड पर शुक्रवार रात हुई थी वारदात
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षर विश्व प्रतिनिधि. उज्जैन. मिर्ची नाला क्षेत्र के एक महिला ने अपनी ही सहेली के साथ लूट की वारदात करवा दी। उसकी नजर सहेली के गहने पर थी, वह उसे डिनर के बहाने ढाबे पर ले जा रही थी और रास्ते में अपने साथी से लूट करवा दी। पुलिस ने इस लूट का चंद घंटों में ही खुलासा कर दिया। लूट करने वाले दो आरोपियो और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लूट की यह वारदात भीलवाड़ा की रहने वाली कीर्ति शर्मा का मायका उज्जैन में मिर्ची नाला पर है। वह इन दिनों बच्चे के साथ मायके आई हुई है। जीवाजीगंज की श्रीकृष्ण कॉलोनी में रहने वाली सोनाली जैन पति अर्पित जैन बचपन की सहेली है। नवरात्र के दौरान दोनों की जब फिर से मुलाकात हुई तो कीर्ति शर्मा काफी गहने पहने थी। यह देख सोनाली की नीयत खराब हो गई। उसने गहने लूटने की योजना बनाई। शुक्रवार शाम उसने कीर्ति को डिनर पार्टी के लिए आमंत्रित किया।
कीर्ति अपने बच्चे को लेकर चेरिटेबल अस्पताल के सामने पहुंची और सोनाली ने उसे अपनी स्कूटी पर पिक कर लिया। दोनों उन्हेल रोड के ढाबे पर जा रही थी, इसी दौरान उज्जैन-जावरा बायपास पर पर सोनाली के साथी ढांचा भवन निवासी मनीष पवार और मोहित पटेल आए और स्कूटी के आगे बाइक अड़ा दी। उन्होंने चाकू से बच्चे को मारने की धमकी दी और कीर्ति से मोबाइल, मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमकी, सोने की चूडिय़ां सहित अन्य सामान छीन लिया।
सहेली के साथ पहुंची रिपोर्ट दर्ज कराने
लूट से कीर्ति काफी डर गई और उसकी हालत खराब हो गई। ऐसे में सोनाली ने उसे दिलासा दिया और उसे लेकर चिमनगंज थाने पहुंची। पुलिस को पहली नजर में ही घटना संदिग्ध लगी। शंका होने पर सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात करना कबूल कर लिया।
—एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि धरपकड़ के दौरान मनीष पवार और मोहित पटेल के पैर में चोट आई है। मोहित पटेल के खिलाफ नानाखेड़ा थाने और मनीष पवार के खिलाफ चिमनगंज थाने में प्रकरण दर्ज है।
—









