त्रिवेणी हिल्स: सड़क पर बह रहा गंदा पानी

मानसून की मुसीबत
उज्जैन। मानसून का सीजन शहर की कई कॉलोनियों और मोहल्लों के लिए मुसीबत बनकर आया है। संस्थाओं की अनदेखी से कहीं नाली साफ नहीं हो रही है तो कहीं सफाई हो गई तो कचरा वहीं छोड़ दिया गया। कहीं ऐसी स्थिति है कि सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर आ रहा है। कहीं सड़क पर चैंबर खुले पड़े हैं।
इंदौर रोड पर डी मार्ट के सामने स्थित पॉश कॉलोनी त्रिवेणी हिल्स के रहवासियों का दर्द अलग है। कॉलोनी के प्रवेश मार्ग पर पड़ोसी कॉलोनी अमरनाथ एवेन्यू का सीवरेज बह रहा है। दोनों कॉलोनियों को एक दीवार अलग करती है। हाल यह है कि रहवासी गंदे पानी से गुजरने को मजबूर है। रहवासी भानु सोनी कहते हैं कि दीवार के साथ ही डीपी लगी हुई है।इसके पोल तक पानी पहुंच रहा है। बारिश के सीजन में हादसे की आशंका बनी हुई है। यह कॉलोनी वार्ड 48 में आती है। यहां की पार्षद अंशु गोपाल अग्रवाल हैं। वह भाजपा से आती हैं।
महेश नगर में सड़क हो गई ऊपर नाली नीचे, हादसे की आशंका
अंकपात के काजीपुरा क्षेत्र में स्थित महेशनगर में सड़क निर्माण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यहां सड़क ऊंची हो गई है और नाली नीचे। ऐसे मेें हादसे की आशंका बनी हुई है। महेशनगर में कई जगह सीवरेज के चैंबर भी खुले पड़े हैं। मुख्य सड़क पर ही खुले यह चैंबर जान जोखिम में डाल सकते हैं। कॉलोनी के रहवासी आरएस भूतड़ा तंज कहते हुए कहते हैं कि चैंबर में अगर कोई गिर जाए तो एसपी भी बचाने नहीं आ पाएंगे।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर 9826311828 पर दे सकते हैं।









