संगमरमर से संवर रही महाकाल मंदिर की टनल

दर्शन के लिए बन रहा जमीन के अंदर भूमिगत रास्ता, अगले माह से प्रवेश संभव
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। महाकाल मंदिर में देश भर से आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए बनाई जा रही भूमिगत टनल सफेद संगमरमर से सुंदर रूप ले रही है। इसका 80 फीसदी काम पूरा हो गया है। अगले माह तक यह काम पूरा होने की संभावना है। विधिवत शुभारंभ के बाद दर्शनार्थी इससे होकर दर्शन का एक अलग अनुभव ले सकेंगे।
देश के बारह ज्योतिर्लिंग मंदिरों में प्रमुख महाकाल मंदिर में जमीन के अंदर करीब 20 फीट नीचे 200 फीट से ज्यादा लंबी टनल बनाई गई है। करीब 11 करोड़ रुपए इस पर खर्च किए जा रहे हैं।टनल को सफेद संगमरमर से सुंदर रूप दिया जा रहा है। यह टनल पूरी तरह वातानुकूलित होगी। टनल का एक हिस्सा उज्जैन विकास प्राधिकरण ने बनाया है तो दूसरा स्मार्ट सिटी ने। प्राधिकरण इसमें संगमरमर लगाने का काम कर रहा है। इस टनल से दर्शनार्थी आसानी से दर्शन कर सकेंगे।
एक टनल, उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा जमीन से 15 फ़ीट नीचे बनाई गई है, जो 150 फ़ीट लंबी है। दूसरी टनल, उज्जैन स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा बनाई गई है, जो 71 फ़ीट लंबी है और पालकी हाल से प्रवचन हाल तक बनाई गई है। टनल के माध्यम से रोज़ाना करीब आठ लाख श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
भीड़ प्रबंधन के लिए यह टनल बनाई गई है। संगमरमर लगने के बाद दर्शनार्थी नए वेटिंग हाल से गुजऱकर सीधे कार्तिकेय मंडप और गणेश मंडप पहुंच सकेंगे। आपातकालीन निर्गम मार्ग के रूप में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा।









