Excellence School के बाहर 10th और 11th के स्टूडेंट्स के बीच चाकूबाजी, दो घायल

सभी नाबालिग, पुलिस ने दर्ज किया प्राणघातकहमले का प्रकरण
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित शासकीय उत्कृष्ट उमावि शास्त्रीनगर के बाहर सोमवार को १०वीं और ११वीं के नाबालिग छात्रों के बीच चाकूबाजी हो गई। इसमें दो छात्र घायल हो गए जिसमें से एक ही हालत गंभीर है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने प्राणघातक हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है।
सोमवार को शास्त्रीनगर स्थित उत्कृष्ट स्कूल के 10th और 11th के नाबालिग छात्रों के बीच आपस में विवाद हो गया था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद एक पक्ष के विद्यार्थियों ने अपने दूसरी स्कूल के साथियों को बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान बाहरी साथियों को बुलाने वाले छात्रों को दूसने पक्ष ने जमकर पीटा। इसी बीच दूसरे स्कूल के एक छात्र ने चाकू निकाला और दो छात्रों पर हमला कर दिया जिसमें से एक छात्र को पेट में तो दूसरे को हाथ में चाकू लगा जिसके बाद घायल छात्र जमीन पर गिर गए जिससे अफरा-तफरी मच गई जिसके बाद सभी भाग निकले। सूचना मिलने पर नीलगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रों को अस्पताल भेजा। इसके बाद परिजन उन्हें फ्रीगंज स्थित निजी अस्पताल ले गए जहां दोनों का इलाज जारी है।
दबिश दे रहे हैं…
मारपीट करने वाले सभी छात्र १०वीं और ११वीं क्लास के स्टूडेंट्स हैं और नाबालिग हैं। मामले में प्राणघातक हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।– मंगल टैगोर,जांच अधिकारी, थाना नीलगंगा









