Advertisement

ट्रैक्टर की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत, भतीजा भी गंभीर घायल

नातिन के यहां गोदभराई के कार्यक्रम में आ रहे थे दोनों बुजुर्ग भाई

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। विजयागज मंडी क्षेत्र के ग्राम मुंडला के पास गुरुवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बुजुर्ग भाई अपने भतीजे के साथ नागझिरी में नातिन की गोदभराई के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। शुक्रवार सुबह दोनों भाइयों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।

तराना तहसील के ग्राम बरंडवा निवासी पीरूलाल पिता अमराजी मथौलिया (80 वर्ष) और उनके छोटे भाई भागीरथ मथौलिया (72 वर्ष), भतीजे अभिषेक पिता रामस्वरूप के साथ बाइक से उज्जैन आ रहे थे। विजयागंज मंडी क्षेत्र के ग्राम मुंडला से गुजरते समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने अचानक तेज रफ्तार में स्टेयरिंग घुमाकर मोडऩे का प्रयास किया। इस लापरवाही के कारण तीनों बाइक सवार ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत चरक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बड़े भाई पीरूलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भागीरथ और भतीजे अभिषेक को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान कुछ घंटों बाद भागीरथ ने भी दम तोड़ दिया।

Advertisement

गांव में मातम, कार्यक्रम भी निरस्त
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक पीरूलाल के पुत्र रामस्वरूप ने बताया कि उनके पिता और चाचा के बीच भाइयों से बढ़कर दोस्तों जैसा रिश्ता था और वे हमेशा साथ ही रहते थे। पिता पीरूलाल जहां किसानी करते थे, वहीं चाचा भागीरथ बिजली विभाग में लाइनमैन के पद से सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) हुए थे। एक साथ दोनों बुजुर्गों का साया सिर से उठने से पूरे परिवार सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। इधर, घटना के बाद उज्जैन में आयोजित गोद भराई का कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया।

चालक के नशे में होने का आरोप: परिजनों के अनुसार बाइक भतीजा अभिषेक चला रहा था जिसकी हालत फिलहाल डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है। हादसे के बाद यह बात सामने आई है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें