PM मोदी के कार्यक्रम स्थल से दो संदिग्ध हिरासत में

एक के पास बंदूक, फर्जी PMO ID का भी दावा
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई कार्यक्रम से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक व्यक्ति के साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास से बंदूक बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
खुद को PMO अधिकारी बता रहा था युवक
रिपोर्ट के मुताबिक, हिरासत में लिए गए 24 वर्षीय युवक की पहचान रोहन पारेख के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, उसने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास मौजूद PMO का पहचान पत्र कथित तौर पर फर्जी पाया गया।
बताया गया है कि रोहन एक बॉडीगार्ड के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था। बॉडीगार्ड के पास बंदूक थी। हथियार और पहचान पत्र को लेकर पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों संदिग्ध कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचे और वहां आने का उनका उद्देश्य क्या था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बॉडीगार्ड के पास हथियार का लाइसेंस होने की बात भी सामने आई है, हालांकि मामले की जांच अभी जारी है।
आज मुंबई में PM मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को मुंबई में Global Fintech Fest 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम BKC स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में होना है। ऐसे में कार्यक्रम से पहले दो संदिग्धों के पकड़े जाने की घटना को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। संदिग्धों की मंशा और बरामद हथियार से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।









