संवरने लगा महाकालेश्वर सवारी मार्ग

मंदिर प्रबंध समिति ने लगाए विभिन्न स्थानों पर संकेतक, सूचनाओं के बोर्ड
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:भगवान महाकालेश्वर श्रावण मास के पहले सोमवार को नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इसी के चलते शासन के विभिन्न विभागों, पुलिस और मंदिर प्रबंध समिति द्वारा बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष मंदिर समिति ने पूरे सवारी मार्ग पर संकेतक और सूचनाओं के बोर्ड लगाए हैं ताकि भगवान के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन विभागों की तैयारियां जारी: विद्युत मंडल द्वारा सवारी मार्ग पर लगे विद्युत पोल को 6 फीट हाईट तक प्लास्टिक से कवर किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा सड़क पर पेंचवर्क, नालियों को फर्शी से ढंकने का काम चल रहा है। वहीं पुलिस विभाग द्वारा सवारी मार्ग और मार्ग के बीच आने वाली गलियों पर बेरिकेड्स रखे गये हैं इन बेरिकेड्स से सोमवार को सवारी निकलने के पूर्व गलियों और मुख्य मार्गों को बंद किया जायेगा।
श्रद्धालुओं से मंदिर समिति की विनम्र अपील
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पूरे सवारी मार्ग पर बोर्ड लगाकर अपील की गई है कि बाबा श्री महाकालेश्वर जी के दर्शन दूर से ही करें। बड़े हार आदि न चढ़ावें। आरती में कपूर आदि का उपयोग न करें। जल आरती करें। बच्चे, वृद्ध एवं महिलाएं भीड़ में न जाकर सुरक्षित स्थान पर ही खड़े होकर दर्शन लाभ लेवें।
सवारी के विपरीत दिशा में न चलें। पालकी पर सिक्के, नारियल, धतुरा आदि न फेकें। केले के छीलके आदि सड़क पर न फेकें। रास्ते में किसी प्रकार के ज्वलनशील फायरों का उपयोग नहीं करें। पालकी पर पेपर कटिंग नहीं उड़ाएं। पुष्प से स्वागत करें। इसके अलावा भगवान की सवारी जिन मार्गों से गुजरेगी वहां पर तीर के निशान वाले संकेतक भी लगाये गये हैं।
पुलिस का अतिरिक्त फोर्स भी आया
भगवान महाकालेश्वर की सवारी के दौरान यातायात एवं कानून व्यवस्था संभालने के लिये जिले के अलावा रिजर्व पुलिस बल को भी तैनात किया जायेगा। अतिरिक्त पुलिस फोर्स शहर में पहुंच चुका है। 2000 से अधिक पुलिसकर्मी सवारी मार्ग पर तैनात किये जाएंगे जिनके द्वारा क्राउड मैनेजमेंट के साथ ही यातायात नियंत्रित किया जायेगा।









