उज्जैन के चिडिय़ाघर को मिल सकती है मंजूरी

11,500 करोड़ की हाइड्रो परियोजना पर होगी चर्चा
मंदसौर : गांधी सागर में आज मोहन कैबिनेट की 9वीं बैठक, सीएम ने चलाया मिनी कू्रज
अक्षरविश्व न्यूज मंदसौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को मंदसौर जिले के गांधी सागर में मोहन सरकार की 9वीं डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक होगी। मुख्यमंत्री मंगलवार शाम गांधी सागर पहुंच चुके हैं। बैठक में 11,500 करोड़ रुपए की लागत वाली 1920 मेगावाट क्षमता की गांधी सागर पंप हाइड्रो स्टोरेज परियोजना सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। वहीं, उज्जैन में 800 करोड़ रुपए की लागत से चिडिय़ाघर सह रेस्क्यू सेंटर बनाने और विमानन नीति में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की संभावना है।
11,500 करोड़ रुपए की परियोजना पर फोकस
गांधी सागर पंप हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके जरिए बिजली की मांग अधिक होने पर पानी को रिसाइकिल कर बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। इससे पीक आवर्स में बिजली की उपलब्धता और लागत प्रबंधन में मदद मिलेगी। परियोजना के निर्माण से करीब 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है, जबकि संचालन और रखरखाव के दौरान लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलने की संभावना है।
चिडिय़ाघर : 800 करोड़ खर्च करने की योजना
बैठक में उज्जैन के मक्सी रोड स्थित नवलखी में 200 हेक्टेयर वन क्षेत्र में चिडिय़ाघर सह रेस्क्यू सेंटर बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। इस परियोजना पर पांच साल में 800 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है। अब राज्य सरकार इसे खुद तैयार करेगी। पहले इस परियोजना को रिलायंस कंपनी की ग्रीन जूलॉजिकल रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर सोसायटी के माध्यम से बनाने की योजना थी। हालांकि एमओयू के बावजूद सोसायटी अब तक प्रोजेक्ट रिपोर्ट नहीं दे सकी है।
टेंट सिटी में सांस्कृतिक संध्या में शामिल हुए और रात्रि विश्राम किया
मुख्यमंत्री मंगलवार शाम 5:15 बजे गांधी सागर पहुंचे। उन्होंने हिंगलाज रिसॉर्ट में मीडिया से चर्चा की। इसके बाद टेंट सिटी में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में शामिल हुए और रात्रि विश्राम किया। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए हिंगलाज रिसॉर्ट में हेलीपैड भी तैयार किया गया था। मुख्यमंत्री हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब पहुंचेंगे। यहां से स्पीड बोट के जरिए टेंट सिटी बोट क्लब जाएंगे। इसके बाद चंबल आरती और पूजन में शामिल होंगे।
साथ ही जिले की उपलब्धियों और स्थानीय उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के विकास कार्यों का शिलान्यास, डिजिटल कॉफी टेबल बुक का विमोचन, पर्यटन वीडियो का प्रदर्शन और एआई आधारित टूरिस्ट इटिनरेरी प्रस्तुत की जाएगी। गांधी सागर के पर्यटन स्थलों पर आधारित ब्रोशर का विमोचन भी होगा। इसके बाद मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री मीडिया को संबोधित करेंगे और दोपहर भोज के बाद रवाना होंगे।
विमानन नीति में होंगे 8 संशोधन- सरकार वर्ष 2025 में बनाई गई विमानन नीति में आठ संशोधन करने की तैयारी में है। इनमें ऊर्जा विभाग की ओर से एयरपोर्ट निर्माण पर सब्सिडी देने और लोक निर्माण विभाग की ओर से हाई-वे या मुख्य मार्गों के किनारे हवाई पट्टी व हेलीपैड बनाने जैसे प्रावधान शामिल हैं।
विमानन नीति में होंगे 8 संशोधन- सरकार वर्ष 2025 में बनाई गई विमानन नीति में आठ संशोधन करने की तैयारी में है। इनमें ऊर्जा विभाग की ओर से एयरपोर्ट निर्माण पर सब्सिडी देने और लोक निर्माण विभाग की ओर से हाई-वे या मुख्य मार्गों के किनारे हवाई पट्टी व हेलीपैड बनाने जैसे प्रावधान शामिल हैं।
स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी
मंदसौर जिले की कृषि, उद्यमिता और विकास कार्यों की झलक भी दिखाई जाएगी। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के अनुसार ‘उपज से उद्यम’ की अवधारणा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें किसानों के उत्पाद, स्वरोजगार के प्रयास, कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए किए गए कार्य और सरकारी योजनाओं की मदद से किसानों द्वारा लगाए गए ऑयल प्लांट प्रदर्शित किए जाएंगे।
औद्योगिक विकास के प्रस्तावों पर भी चर्चा की बैठक में मालवा क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है। इनमें मंदसौर में केमिकल इंडस्ट्रीज पार्क, रतलाम में बायो प्लांट और मंदसौर के बसई में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के प्रस्ताव शामिल हैं।









