संसद में फिर हंगामा, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में प्रदर्शन

विपक्ष ने चंदा चोरी के नारे भी लगाए
नई दिल्ली, एजेंसी। संसद के मानसून सत्र के 12वें दिन राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा की कार्यवाही महज 3 मिनट चलने के बाद स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही भी करीब आधे घंटे हंगामे के बाद स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बीच बहस हुई। खडग़े ने कहा- राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया था। ट्रस्ट को 70 एकड़ से ज्यादा जमीन सौंपी। पीएम खुद राम मंदिर से जुड़े हर आयोजन में शामिल हुए। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सालों तक भगवान राम और राम मंदिर का विरोध करती रही हैं।
इधर, विपक्ष ने संसद परिसर में अपना प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस सांसद प्रियंका वाडरा ने की। इस दौरान चंदा चोरी के नारे भी लगाए गए। विपक्ष राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चर्चा चाहता है। सरकार इससे बचने की कोशिश कर रही है। पीएम ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ संसद को जारी रखने पर विचार भी किया। हाल ही में आए उपचुनाव के नतीजों से विपक्ष प्रसन्न दिखाई दिया।









