गऊघाट पर वेदपाठी की डूबने से मौत, स्नान के दौरान हुआ हादसा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गऊघाट पर रविवार दोपहर करीब 1 बजे स्नान करते समय 18 वर्षीय वेद पाठी विद्यार्थी अंकुश शर्मा डूब गया। मुरैना का रहने वाला अंकुश उजड़ खेड़ा स्थित दंदरौवा धाम में वेद विद्या का अध्ययन कर रहा था। दरअसल, अंकुश मुरैना से रविवार को ही उज्जैन लौटा था। दोपहर में गऊघाट पर स्नान करने गया था। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शव नदी से बाहर निकाला जा सका। बारिश के कारण नदी में प्रवाह है, इसलिए टीम को शव निकालने मेें दिक्कत आई। पोस्टमार्टम के लिए शव जिला अस्पताल भिजवाया गया। अंकुश का परिवार किसानी करता है।
पिता अशोक शर्मा किसान हैं और मुरैना में ही खेती करते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा तीन बहनें हैं। परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है। उज्जैन में रहने वाले रिश्तेदार भी घाट पर पहुंच गए थे।घटना से दंदरौवा धाम और क्षेत्र में शोक का माहौल है। मित्रों के मुताबिक अंकुश का स्वभाव अच्छा था। वह शांत और धार्मिक प्रवृति का था। धर्म में रुचि के कारण ही वह वेदों का अध्ययन कर रहा था। इसी के चलते वह शिप्रा स्नान के लिए गऊघाट आया था। नदी में बहाव होने से वह गहरे पानी में चला गया था।









