ईरान से जंग लगभग खत्म: ट्रंप

कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद कहा
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध लगभग खत्म हो चुका है। उन्होंने सोमवार को कहा कि फिलहाल अमेरिका मौजूदा स्थिति बनाए रखेगा। किसी भी बदलाव की स्थिति में अमेरिकी सेना तैयार है।
ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, सैन्य तौर पर ईरान का मामला लगभग खत्म हो चुका है। ईरान की लीडरशिप खत्म कर दी गई है। हालांकि, अमेरिका अब भी यह सुनिश्चित करना चाहता है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय के लिए टल जाए। ट्रम्प ने यह बयान कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी से मुलाकात के बाद दिया। इस मुलाकात के बाद वे अचानक व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम पहुंचे और पत्रकारों से बात की।
राष्ट्रपति ने ईरान पर दोबारा हमले की धमकी से पीछे हटने के संकेत भी दिए। उन्होंने रविवार को फोन पर दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर ईरान के साथ बातचीत में प्रगति होती है और वह एक मजबूत समझौते पर हस्ताक्षर करता है, तो दोबारा हमले की जरूरत पडऩे की संभावना बहुत कम है।









