Advertisement

पार्षद ने आयुक्त से कहा लोग मेरे घर आ गए, अपशब्द बोल रहे, क्या करूं?

उज्जैन उत्तर क्षेत्र में फिर गड़बड़ाई पानी की सप्लाई, कम दबाव से हो रहा जलप्रदाय

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:उज्जैन उत्तर क्षेत्र में इस बार जलप्रदाय व्यवस्था ठीक होने का नाम नहीं ले रही। दक्षिण क्षेत्र के साथ उत्तर के जिन वार्डों में पानी दिया जा रहा, वह मिल नहीं पा रहा।

शनिवार को उत्तर क्षेत्र में कम दबाव से पानी मिलने से लोग परेशान रहे। शुक्रवार को पार्षद बबिता घनश्याम गौड़ को लोगों ने घेर लिया। तब पार्षद गौड़ ने आयुक्त पाठक को मैसेज भेज कहा, लोग मेरे घर आ गए हैं और अपशब्द बोल रहे हैं, क्या करूं…? हालांकि पीएचई ने सुनहरी घाट पर लीकेज लाइन को ठीक करने का दावा किया है और गंभीर डेम से दो पंपों से पानी की सप्लाई भी शुरू कर दी है।

Advertisement

सुनहरी घाट पर गंभीर डेम की मेन राइजिंग लाइन लीकेज होने के कारण पीएचई को केवल एक पंप से पानी की टंकियां भरनी पड़ी। इससे टंकियां पूरी क्षमता से भरी नहीं जा सकी। शनिवार को उत्तर क्षेत्र में जलप्रदाय का टर्न था। इस कारण कम दबाव से लोगों को पानी मिल सका। इससे लोग परेशान हो गए हैं।

उत्तर क्षेत्र के कई वार्डों में पिछले चार दिनों से पानी नहीं पहुंच सका है। इस कारण लोग परेशान हो रहे। इधर, पीएचई के अधिकारियों ने दावा किया है कि शनिवार को सुनहरी घाट पर लीकेज लाइन को ठीक कर दिया है और दोनों पंप चलाना शुरू कर दिया है। इस कारण जल्द ही पेयजल की समस्या दूर हो जाएगी।

Advertisement

वाल्व खोलने वाले कर्मचारी भी परेशान

पानी की लाइन खोलने वाले पीएचई के कर्मचारी लोगों के गुस्से के कारण कई क्षेत्रों में जाने से बच रहे, क्योंकि लोगों के गुस्से का सामना उनको ही करना पड़ता है। विराट नगर में कर्मचारियों को लोग घेर लेते हैं। लोगों की नाराजी से बचने के लिए वे वाल्व बदलने भी नहीं जा रहे।

पार्षद परेशान, लोगों ने घर पर घेरा

वार्ड चार में पिछले चार दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। आक्रोशित लोग शुक्रवार रात पार्षद गौड़ के घर पहुंच गए और कहा शाम को पानी सप्लाई करने की सूचना दी गई थी, लेकिन पानी नहीं आया। लोगों ने अपशब्दों के साथ भी अपना गुस्सा निकाला। पार्षद गौड़ ने फोटो के साथ निगम आयुक्त आशीष पाठक को वाट्सअप पर मैसेज भेजा कि पानी नहीं आने से नाराज लोग मेरे घर आ गए हैं और वे अपशब्द कह रहे हैं। शनिवार को भी इस वार्ड सहित अन्य क्षेत्रों में पानी सप्लाई नहीं किया, क्योंकि इन क्षेत्रों में दक्षिण के साथ पानी की सप्लाई हो पाती है।

निगमायुक्त को पार्षद का मैसेज

वार्ड क्रमांक 4 में 2 दिन से पानी सप्लाई नहीं हुई है। आज शाम का बोला था सप्लाई करने का, वह भी नहीं पहुंच पाया किसी के घर पानी। जनता मेरे घर खड़ी हुई है।

दो कारण जिससे लीक हो रही लाइन

सुनहरी घाट क्षेत्र निचले स्थान पर है। इस कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक पानी प्रेशर से पहुंचाने का दबाव बनता है। इससे क्लांप पर दबाव बढ़ता है और पाइप फट जाता है।

वाल्व बदलने में भी तकनीकी त्रुटि होने से पाइप पर दबाव बढ़ता है और वह फूट जाता है। 2021 में भी इसी पॉइंट पर पाइप फूट गया था।

सुनहरी घाट पर लीकेज को ठीक कर दिया है। दो पंपों से पानी की सप्लाई भी शुरू कर दी है। जल्द समस्या दूर हो जाएगी। –एनके भास्कर, कार्यपालन यंत्री, पीएचई

Related Articles

Write a review