यूपी से आए श्रद्धालु की पत्नी को मारा चाकू, गाड़ी के कांच भी फोड़े

श्रद्धालु बोले आमजन और पुलिस की मदद से बची जान

चारधाम मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े वाहन मालिक से अवैध वसूली की कोशिश
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उत्तरप्रदेश के नोएडा से परिवार के साथ उज्जैन दर्शन करने आए एक श्रद्धालु से शनिवार को दो बदमाशों ने पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की कोशिश की, श्रद्धालु ने जब रुपए देने से इंकार किया तो बदमाशों ने न सिर्फ उनसे मारपीट की, बल्कि उनके वाहन के कांच फोड़ दिए। इतना ही नहीं आरोपियों ने श्रद्धालु की पत्नी को चाकू मार कर घायल कर दिया। आमजन और पुलिस की मदद से जैसे-तैसे श्रद्धालु और परिवार ने जान बचाई और महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
नोएडा के रहने वाले बलराम दीक्षित परिवार के साथ दर्शन के लिए उज्जैन आए थे। उनके साथ पत्नी, बहन और बच्चे थे। इनके पास स्कॉर्पियो थी। इन्होंने अपना वाहन चारधाम पाॢकंग के पास खड़ा किया था। यह जब दर्शन कर लौटे तो दो युवक आए और पार्किंग के रुपए मांगे, जब दीक्षित ने रुपए देने से इंकार किया तो आरोपी विवाद करने लगे। आसपास के लोगों ने उन्हें समझाया तो वे वाहन लेकर रवाना हो गए। यह देख युवक आगबबूला हो गए और बाइक से वाहन के पीछे लग गए। अगले चौराहे पर इन्होंने ईंट मारकर वाहन का पिछला कांच फोड़ दिया। दीक्षित ने जब वाहन रोका तो आरोपी झगड़े पर उतारू हो गए और इनमें से एक ने चाकू निकालकर उनकी पत्नी पर हमला बोल दिया। जैसे तैसे वह महाकाल थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
हम डरते नहीं, लेकिन परिवार साथ था
मैं, पत्नी, बहन, बहू व बच्चों के साथ गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) से उज्जैन दर्शन करने आया था। वाहन चारधाम मंदिर के सामने खड़ा किया। दर्शन कर लौटा तो देखा कि एक बाबा ने वाहन के पीछे दुकान लगा ली थी। उनसे चटाई हटाने का निवेदन किया तो इसी दौरान एक युवक आया। उसने कहा कि लाखों रुपए के वाहन खरीद लेेते हो लेकिन पार्किंग के 100 रुपए नहीं दे सकते। उसने पार्किंग के रुपए भी मांगे। हम वाहन लेकर जाने लगे तो युवक ने दुकान पर रखा बांट उठा लिया। लोगों ने बीच बचाव और हम अगले चौराहे तक पहुंचे तो बदमाश अपने साथी के साथ बाइक पर पीछा करते हुए आया और ईंट से हमारी गाड़ी का पिछला कांच फोड़ दिया। मैं और पत्नी नीचे उतरे तो उसने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया जिससे पत्नी का हाथ कट गया। हमने डायल 100 पर इसकी सूचना दी। आमजन की मदद से बदमाश को पकड़ा। इस दौरान पुलिस भी आ गई।
(जैसा पीडि़त बलराम दीक्षित ने बताया)
आरोपी गिरफ्तार
इधर घटना के बाद महिला का अस्पताल में मेडिकल कराया गया। महाकाल थाना पुलिस ने कमल प्रजापत व कालू निवासी दोनों जयसिंहपुरा को हफ्तावसूली, मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आज दोनों को कोर्ट पेश करेंगे।
बदमाशों पर होगी सख्त कार्रवाई
कमल प्रजापत, कालू को गिरफ्तार किया है। दोनों के पुराने रिकार्ड भी हैं। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गगन बादल, थानाप्रभारी, महाकाल थाना









