एक फोन कॉल ने मचा दिया बवाल, पत्नी से बातचीत के शक में युवक की हत्या

अक्षरविश्व न्यूज|रायसेन। उदयपुरा थाना क्षेत्र के सौजनी गांव में पत्नी से एक युवक की बातचीत को लेकर उपजे शक ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, दो भाइयों ने मिलकर 42 वर्षीय जुगल किशोर रघुवंशी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खेत के पास मिला खून से लथपथ शव
पुलिस के अनुसार घटना 4 अगस्त की सुबह की है। उदयपुरा निवासी चंदन सिंह रघुवंशी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका भांजा जुगल किशोर खेत में रहकर रखवाली करता था। सुबह करीब 5.15 बजे जब वह खेत की ओर पहुंचे तो जुगल किशोर सौजनी रोड पर गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसके शरीर और गर्दन पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। अधिक खून बहने के कारण युवक की मौत हो चुकी थी।
पत्नी से बातचीत को लेकर था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी अरविंद मेहरा को अपनी पत्नी और जुगल किशोर के बीच बातचीत को लेकर शक था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन जुगल किशोर आरोपी के घर पहुंचा था। वहां उसकी आरोपी की पत्नी से बातचीत को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद वह आरोपी के भाई दीपक मेहरा के घर गया और वहां से खेत जाने के लिए निकल गया।
रास्ते में रोककर हमला करने का आरोप
पुलिस का कहना है कि जुगल किशोर द्वारा फोन पर बातचीत की कोशिश से नाराज होकर अरविंद ने अपने भाई दीपक के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोकने की योजना बनाई। दोनों खेत के पास पहुंचे और जुगल किशोर के साथ मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि दोनों ने फरसे और लकड़ी की पाटी से उस पर हमला किया। गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
CCTV और पूछताछ से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों, राहगीरों और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ की। साथ ही आने-जाने वाले रास्तों के CCTV फुटेज भी खंगाले गए।जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने अरविंद मेहरा और उसके भाई दीपक मेहरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने जुगल किशोर पर हमला करने की बात स्वीकार की।
फरसा और लकड़ी की पाटी बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान अरविंद मेहरा (25) और दीपक मेहरा (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फरसा और लकड़ी की पाटी भी बरामद करने का दावा किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।









