उज्जैन न्यायालय परिसर में जमानत का विरोध करने पर महिला को धमकाया

एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जिला न्यायालय परिसर में एक महिला को जमानत का विरोध करने पर जान से मारने की धमकी मिली तो उसने एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
दरअसल, पंड्याखेड़ी की रहने वाली रेखा तोमर ने एसपी को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है। हालांकि घटना 24 जुलाई की है, लेकिन आवेदन शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचा। महिला ने बताया कि वह दोपहर देवर के साथ आरोपी कान्हा दरबार की जमानत का विरोध करने न्यायालय गई थी। कोर्ट परिसर में कान्हा दरबार, उसके पिता बल्लू दरबार और उनके साथ मौजूद 30 से 35 लोगों ने घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी या जमानत का विरोध किया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे, मकान तोड़ देंगे।
झगड़े की शिकायत की थी
दरअसल, महिला ने 23 जुलाई को उसके परिवार पर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके मुताबिक े रेखा के पति राजू सिंह को कान्हा दरबार ने रंजिश में पेट्रोल पंप के पास घेर लिया था और विवाद किया था। इस दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से राजू सिंह के गले पर हमला बोला था। पंवासा पुलिस ने आरोपी कान्हा दरबार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और इसी मामले में कान्हा दरबार जमानत के लिए कोर्ट पहुंचा था।









