वैदिक घड़ी का PM Modi ने वर्चुअल लोकार्पण किया

By AV NEWS

देश के बारह ज्योतिर्लिंग मंदिरों पर भी वैदिक घड़ी लगाने की योजना

घड़ी ग्लोबल पॉजिशिनिंग सिस्टम से जुड़ी होगी

स्मार्ट वॉच भी बनाने की योजना

अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:वेधशाला जन्तर-मन्तर में स्थापित वैदिक घड़ी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल लोकार्पण किया। घड़ी इंटरनेट और ग्लोबल पॉजिशिनिंग सिस्टम से जुड़ी होगी। विक्रमादित्य वैदिक घड़ी में आईएसटी के 24 घंटों को 30 मुहूर्त (घटी) में बांटा गया है। हर घटी का धार्मिक नाम और खास मतलब होगा। घड़ी में घंटे, मिनट और सेकंड वाली सुई भी रहेगी। सूर्योदय और सूर्यास्त के आधार पर यह टाइम की कैलकुलेशन करेगी। मुहूर्त गणना, पंचांग, मौसम से जुड़ी जानकारी भी इस घड़ी के जरिए मिलेगी।

वैदिक घड़ी में वैदिक समय, आईएसटी,जीएमटी के साथ भारतीय काल गणना विक्रम संवत् की जानकारी मिलेगी। विक्रम संवत् पंचांग (भारतीय प्राचीन कैलेंडर) शामिल रहेगा। सूर्योदय से सूर्यास्त के साथ ग्रह, योग, भद्रा, चंद्र स्थिति, नक्षत्र, चौघडिय़ा, सूर्यग्रहण, चंद्रग्रहण की जानकारी देगा। अभिजीत मुहूर्त, ब्रह्म मुहूर्त, अमृत काल और मौसम से जुड़ी सभी जानकारी मिल सकेगी। घड़ी में हर घंटे बाद बैकग्राउंड में नई तस्वीर दिखेगी। द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर, नवग्रह, राशि चक्र के साथ दूसरे धार्मिक स्थल भी दिखाई देंगे। देश-दुनिया के खूबसूरत सूर्यास्त, सूर्य ग्रहण के नजारे भी दिखेंगे।वैदिक घड़ी इंटरनेट और ग्लोबल पॉजिशिनिंग सिस्टम (जीपीएस) से जुड़ी होगी।

मोबाइल ऐप भी लॉन्च होगा

वैदिक घड़ी से जुड़ा मोबाइल ऐप भी लॉन्च होगा। वैदिक घड़ी के सभी फीचर इस एप में रहेंगे। उज्जैन में लगने वाली घड़ी में जो बदलाव होंगे, वो एप में भी शो होंगे। आप इसे मैन्युअल भी ऑपरेट कर सकेंगे। इसे आप प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकेंगे। उज्जैन को काल गणना (टाइम कैलकुलेशन) का केंद्र माना जाता रहा है। उज्जैन से कर्क रेखा (ट्रॉपिक ऑफ कैंसर) गुजरी है। वेधशाला जन्तर-मन्तर पर आयोजित वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल,नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक, पूर्व विधायक पारस जैन, अशोक प्रजापत, जगदीश अग्रवाल, किशोर खंडेलवाल,परेश कुलकर्णी, विजय चौधरी, ओम जैन, उपस्थित थे।

लोकल टाइम सर्वर से जोड़ा

इंजीनियर श्रीवास्तव ने बताया जीवाजी वेधशाला में लगाई गई घड़ी को लोकल सर्वर से जोड़ा गया है। इससे यह घड़ी वैदिक समय के साथ साथ ग्रीनविच टाइम, मौसम, शुभ मुहूर्त आदि भी बताएगी।

प्रस्ताव पर करेंगे विचार

पहली वैदिक घड़ी का आज प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण के बाद महाकाल मंदिर के पास या परिसर में भी वैदिक घड़ी लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर कोई निर्णय लेंगे। नीरजकुमार सिंह, अध्यक्ष महाकाल मंदिर प्रबंध समिति और कलेक्टर उज्जैन

Share This Article