Advertisement

150 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती बोली- पति को बुलाओ वरना कूद जाऊंगी

प्रेम विवाह के बाद घरवालों पर घर से निकालने का आरोप, विधायक की समझाइश पर उतरी नीचे

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज देवास। बागली-चापड़ा मार्ग पर रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती 150 फीट से अधिक ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती को टॉवर पर देख बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। राहगीरों ने भी वाहन रोककर घटनाक्रम देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।

टॉवर पर चढऩे के बाद युवती ने अपनी परेशानी लिखकर एक कागज नीचे फेंका। इसमें उसने बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती है और उससे शादी कर चुकी है। युवती ने आरोप लगाया कि घरवालों ने उसे घर से निकाल दिया है और वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। उसने चेतावनी दी कि यदि उसे पति के साथ रहने नहीं दिया गया तो वह टॉवर से कूद जाएगी।
युवती ने अपने पति का नाम अर्पित देवड़ा बताते हुए उसे मौके पर बुलाने की मांग की।

Advertisement

माइक से विधायक ने की समझाइश
घटना की जानकारी मिलते ही बागली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती से बातचीत शुरू की। युवती की मांग के अनुसार अर्पित को भी मौके पर बुलाया गया। इसी दौरान बागली विधायक मुरली भंवरा भी घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक ने माइक के माध्यम से युवती से बात करते हुए उसे समझाया कि युवक के पिता को भी मौके पर बुलाया जा रहा है। उन्होंने युवती से धैर्य रखने और धीरे-धीरे नीचे उतरने की अपील की। काफी समझाइश के बाद देर शाम युवती को सुरक्षित टॉवर से नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार अर्पित सेवन्याखुर्द गांव का निवासी है, जबकि युवती ग्राम डोकाकुई की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांटाफोड़ में भी सामने आया था ऐसा मामला
जिले में इस तरह का यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले कांटाफोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम सुंद्रेल में एक किशोरी पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। समझाइश के बाद उसे नीचे उतारा गया था। जांच में सामने आया था कि किशोरी का एक युवक से प्रेम प्रसंग था और युवक द्वारा फोन उठाना बंद करने के बाद वह सुंद्रेल पहुंची थी। बाद में पुलिस ने दोनों को कन्नौद पुलिस के सुपुर्द किया था।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें