देर रात ई-रिक्शा को अज्ञात वाहन ने पीछे से मारी टक्कर, युवक की मौत

ई-रिक्शा चालक घायल, गणेशपुरा में रिश्तेदार से मिलने जा रहा था मृतक

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। माधवनगर क्षेत्र में जीरो पॉइंट सब्जी मंडी गेट के सामने लघुशंका के लिए उतरे युवक को वापस ई-रिक्शा में बैठने के बाद अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे एक युवक की मौत हो गई और ई-रिक्शा चालक घायल हो गया जो चरक अस्पताल में भर्ती है।
दरअसल, घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12 से 12.30 बजे के बीच की है। सुमेर पिता रमेश सूर्यवंशी (35) निवासी ग्राम नलखेड़ा, थाना झारड़ा किसी परिचित से मिलने के लिए उज्जैन आया था और गणेशपुरा जाने के लिए 5 नंबर नाका आगर रोड से ई-रिक्शा में बैठा था।
मक्सी रोड पर सब्जी मंडी गेट के सामने वह लघुशंका के लिए ई-रिक्शा से उतरा और वापस उसमें बैठा ही था कि तभी तेज रफ्तार से आए अज्ञात वाहन के चालक ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसमें सुमेर की मौत हो गई और रिक्शा चालक लीलाधर पिता कनीराम सोलंकी (48) निवासी कोठी लाइन घायल हो गया जिसका चरक अस्पताल में इलाज चल रहा है। गुरुवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
इलाज करवाने आया था, फिर घर नहीं लौटा
माधवनगर थाने के जांच अधिकारी हरीश चौहान ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर परिजनों ने बताया है कि सुमेर को पेट और सीने में दर्द रहता था। दो-तीन दिन पहले वह इलाज करवाने के लिए उज्जैन आया था। हालांकि, मामले में परिजनों के बयान होना शेष हैं। बयान के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी।
श्रमिक को आयशर ने टक्कर मारी, मौत
उज्जैन। आगर रोड हाइवे पर दुर्घटना से बचने के लिए संकेतक के रूप में जगह-जगह रेडियम स्टीकर लगा रहे श्रमिक की दुर्घटना में मौत हो गई। दुर्घटना आगर रोड पर जैनाखेड़ी गांव के पास हुई है। आगर जिले के बड़ौद में कृष्णा कॉलोनी निवासी मानसिंह पिता रघुसिंह लौधिया (50) नेशनल हाइवे कंपनी की ओर से हाइवे पर जगह-जगह रेडियम स्टीकर लगाने के काम में लगा था। बुधवार को दोपहर साढ़े 3 बजे आगर रोड पर जैना खेड़ी गांव के पास रोड क्रॉस करते वक्त आयशर वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इलाज के लिए चरक अस्पताल लाया गया जहां पर शाम करीब ६ बजे उसकी मौत हो गई। मृतक का शव गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार में मृतक की पत्नी और छह बच्चे हैं।









