अवैध शराब की डिलेवरी देने आया तस्कर पकड़ाया

उज्जैन। नानाखेड़ा पुलिस ने अवैध शराब की डिलेवरी देने आए तस्कर को पकड़ा है। उसके पास से अंग्रेजी शराब की ३६ बोतल और देशी शराब के 150 क्वार्टर के साथ बिना नंबर की बाइक जब्त की है। दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबर की बाइक पर अवैध शराब लेकर राघौपिपल्या सोसायटी के पास देवास-बदनावर रोड किनारे किसी को देने के लिए खड़ा है।

इस पर पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी तो वहां खड़े युवक ने पुलिसकर्मियों को देख भागने की कोशिश की जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम हर्ष पिता हेमंत गेहलोत (20) निवासी देसाईनगर बताया। तलाशी लेने पर बाइक पर बंधे दो झोलों से अंग्रेजी शराब की 36 बोतलें और देशी प्लेन शराब के 150 क्वार्टर जब्त किए गए। जिनकी कुल कीमत 40,500 रुपए है। इसके अलावा बिना नंबर की बाइक भी जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया।









