ईरानी सुप्रीम लीडर की धमकी : अमेरिकी बेस पर हमले जारी रहेंगे होर्मुज का रास्ता नहीं खुलेगा

तेल अवीव/तेहरान। ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई ने पद संभालने के बाद गुरुवार को अपना पहला बयान जारी किया। इसमें उन्होंने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि वह मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को बंद कर दे, नहीं तो उन पर हमले जारी रहेंगे।
मुजतबा ने अमेरिका और इजराइल को चेतावनी दी है कि उन्हें ईरान पर किए गए हमलों की ‘भरपाई’ करनी होगी। ईरान के सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाए गए संदेश में खामेनेई ने कहा कि मौजूदा हालात में होर्मुज स्ट्रेट का रास्ता भी नहीं खोला जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध लगातार तेज हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और इजराइल के हमलों के पहले दिन मोजतबा खामेनेई के पैर में फ्रैक्चर हो गया था और उन्हें हल्की चोटें भी आई थीं।
ईरान बोला- ट्रम्प बताएं वो अपने सैनिकों की जान खतरे में क्यों डाल रहे
ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बाकिर गालिबफ ने इराक में अमेरिकी सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर के बाद अमेरिका पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिकी परिवारों को यह जानने का हक है कि राष्ट्रपति ट्रम्प अपने देश के बेटों और
बेटियों को क्यों खतरे में डाल रहे हैं। गालिबाफ ने यह भी कहा कि ऐसा इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू की नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा है।









