उज्जैन की स्वास्थ्य सुविधा ‘वेंटिलेटर’ पर…

जिला चिकित्सालय में आईसीयू पर एक माह से ‘ताला’
संभाग भर का पूरा बोझ माधवनगर अस्पताल की गहन चिकित्सा ईकाई पर
उज्जैन। शहर की शासकीय स्वास्थ्य सेवा खासकर जिला चिकित्सालय की सुविधाएं मानों ‘वेंटिलेटर’ पर है। चिकित्सालय में ओटी बंद होने के कारण ऑपेरशन तो बंद है। एक माह से जिला चिकित्सालय की आईसीयू पर ‘ताला’ पड़ा हुआ है। ऐसे में संभागभर की शासकीय गहन चिकित्सा इकाई का बोझ २२ आईसीयू बेड वाले उज्जैन के माधवनगर अस्पताल पर आ गया है।
गंभीर मरीजों को तुरंत उपचार के लिये जिला अस्पताल में 10 बेड वाला आईसीयू वार्ड संचालित हो रहा था जिसमें रिपेयरिंग कार्य के चलते पिछले एक माह से अधिक समय से उक्त वार्ड को बंद कर दिया गया है। इसके बाद अब मरीजों को माधव नगर अस्पताल के आईसीयू में रैफर किया जाता है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के कारण वर्तमान में कार्यरत डॉक्टर रोटेशन में भी प्रतिदिन सेवाएं नहीं दे रहे है। जिला अस्पताल में मरीजों की मुसीबतें और परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रहीं। गंभीर मरीज जिला अस्पताल पहुंचते हैं तो उन्हें आईसीयू के लिए माधव नगर अस्पताल रैफर किया जा रहा है। जिला अस्पताल के 10 बेड वाला आईसीयू है जो रिपेयरिंग के कारण एक माह से बंद है। मरीजों को माधव नगर अस्पताल भेजा जा रहा है। माधव नगर में कोविड काल में बनाए आईसीयू बेड का उपयोग अब रैफर मरीजों के लिये हो रहा है।
इंतजार करना पड़ता-
सूत्रों के अनुसार माधव नगर अस्पताल में आईसीयू फूल होने पर वेटिंग की स्थिति बन जाती है। गंभीर तौर पर बीमार के आने पर बेड फूल होने की स्थिति में आईसीयू में भर्ती कम चिंताजनक बीमार का सामान्य वार्ड में शिफ्ट करना पड़ता है। इन दिनों ऐसे हालात कई बार बन चुके है।
माधव नगर अस्पताल में हैं 22 आईसीयू बेड
माधव नगर अस्पताल प्रभारी डॉ. विक्रम रघुवंशी ने बताया कि माधव नगर में आईसीयू वार्ड में कुल 22 बेड हैं। यहां जिला अस्पताल के मरीजों को भी भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। वर्तमान में संभाग के सरकारी अस्पतालों में सिर्फ माधव नगर में ही आईसीयू की सुविधा है। जिला चिकित्सालय के आईसीयू में रिपेयरिंग का काम कब पूरा होगा इसकी जानकारी नहीं है।









