उज्जैन:महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी का निधन..!

अमलतास में परिवार के सदस्यों का उपचार जारी, स्वास्थ्य अमले पर लापरवाही का आरोप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी का दु:खद निधन हो गया है। आधी रात को आर डी गार्डी मेडिकल कॉलेज से उनके घर फोन पहुंचा था। आज सुबह परिवार का एक सदस्य मेडिकल कॉलेज पहुंचा, जिसे चेहरा दिखाया गया। हॉस्पिटल के सूत्रों के अनुसार कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए शव को सीधे त्रिवेणी स्थित सीएनजी शवदाह गृह ले जाया जाएगा। इसके पूर्व शव को उनके घर नहीं ले जाया जाएगा।
तीन दिन पूर्व वे पॉजिटिव आए थे। पुजारी परिवार के 6 सदस्यों की रिपोर्ट एक साथ पॉजिटिव आई थी। इनमें से 5 सदस्यों को नोडल अधिकारी सुजानसिंह रावत ने अमलतास भेजा था वहीं एक सदस्य को आर डी गार्डी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इस परिवार के साथ प्रारंभ से ही त्रासदी हुई। रिपोर्ट आने के बाद रातभर इंतजार करते रहे लेकिन न तो रैपिड रिस्पांस टीम घर पहुंची और न ही कोई एम्बुलेंस।
परिवार के एक सदस्य ने अथक प्रयास किए, उसके बाद अगले दिन सुबह स्वास्थ्य अमले ने सुध ली। हालात यह रहे कि मुख्यमंत्री निवास पर भी इस बात की शिकायत पहुंची। परिवार के सदस्य के अनुसार शहर के हॉस्पिटल में जगह नहीं होने का वास्ता देकर 5 सदस्यों को अमलतास भेजा गया। वहीं एक सदस्य को एम्बुलेंस चेरीटेबल के बाहर छोड़ गई। जानकारी मिलने पर पुन: प्रयास किए और उन्हे वहां से आर डी गार्डी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां उनका उपचार चल रहा था,इधर तबियत बिगड़ी और आधी रात को घर पर परिजनों को मृत्यु की सूचना आ गई।
माधवनगर हॉस्पिटल में चार मौतें, दो कोविड से, चरक में भी हुई एक मौत
शुक्रवार को माधवनगर हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों में से चार की मौत हुई। कल बुलेटिन में दो मौतें कोविड से होना बताया। माधवनगर हॉस्पिटल में शुक्रवार रात्रि तक 91 मरीजों का उपचार चल रहा था। इनके अलावा चार मौतें हो चुकी थी। वहीं 07 लोगों को रैफर किया जा चुका था। दो मरीजों में से एक को ठीक होने पर तथा दूसरे को परिजनों के आग्रह पर छुट्टी दी गई थी। हॉस्प्टिल में इस समय एक मरीज गंभीर होकर वेंटीलेटर पर चल रहा है।
चरक में भी हुई एक मौत : शुक्रवार शाम को चरक हॉस्पिटल में भी एक मरीज की मौत हुई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ कि उक्त मरीज कोविड पॉजिटिव/निगेटिव था या फिर सस्पेक्टेड था।