कड़ाके की ठंड, रात में पारा 7.0 डिग्री पर पहुंच गया…

उज्जैन। उत्तरी सर्द हवा ने पूरे शहर में कड़ाके की ठंडक से लोगों को ठिठुरा दिया है। रात में भी तापमान सामान्य औसत से कम बना रहा। बर्फीली हवा आने का क्रम बना हुआ है। इससे बुधवार से आगामी दो दिनों तक इसी तरह की ठंडक बने रहने की संभावना है।
बुधवार को सुबह से बर्फीली हवा के कारण मौसम में ठंडक बनी रही। दिन के तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि जरूर हुई लेकिन दिनभर ठंडक बनी रहने के कारण लोगों को दिन में भी गर्म वस्त्र पहनने पर मजबूर होना पड़ा। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है।
इधर, रात में कड़ाके की सर्दी लोगों को कंपकंपा रही है। पूरी रात ठिठुरा देने वाली सर्दी से लोग जूझते रहे। मंगलवार-बुधवार की रात न्यूनतम तापमान 7.० डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि उज्जैन जिले में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार से दो दिनों तक इसी तरह की सर्दी के आसार हैं।









