कारोबार करना है तो 5 हजार रुपए देना पड़ेंगे, वरना जिंदा जला दूंगा…

निगरानीशुदा बदमाश को पकड़कर जेल भेजा, पहले से 15 केस दर्ज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। महिला कारोबारी को उसके ही घर के सामने खड़े होकर व्यापार करने के एवज में ५ हजार रुपए की मांग करने और नहीं देने पर जिंदा जला देने की धमकी देने वाले बदमाश को बडऩगर पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भी भेज दिया। आरोपी निगरानीशुदा बदमाश है और उस पर पहले से ही 15 केस दर्ज हैं।
बडऩगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि मंगलवार को फरियादिया कविता पति मेहरबान ठाकुर (32) निवासी गणेश घाट कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई जिसमें बताया कि नटराज टॉकीज के पीछे रहने वाला असलम पिता हैदर शाह ने बीती रात उसके घर के सामने गाली-गलौच करते हुए कह रहा था कि मैं यहां का दादा हूं।
तुझे यहां व्यापार करना है तो मुझे 5 हजार रुपए हफ्ता देना पड़ेगा, नहीं तो जिंदा जला दूंगा। मामले की गंभीरता को देखते पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद बदमाश असलम शाह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जांच में पता चला कि आरोपी पर पहले से ही १५ प्रकरण दर्ज हैं और वह थाना क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश है।
गर्दन पर चाकू रखकर लूट ले गया था कैश और मोबाइल, पकड़ाया
घटना में प्रयुक्त बाइक चाकू और मोबाइल जब्त
उज्जैन। चाकू दिखाकर लूट करने वाले बदमाश को नागदा की बिरलाग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से बाइक, चाकू और मोबाइल भी जब्त किया है।
बिरलाग्राम पुलिस ने बताया 26 फरवरी को फरियादी जफर (21) निवासी दुर्गापुरा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि वह जय माता दी ढाबे से खाना खाकर बाइक से वापस आ रहा था तभी रास्ते में साइकिल स्टैंड पारदी मेट बिरलाग्राम के पास अरबाज बाइक से आया और मेरी बाइक के सामने अपनी बाइक खड़ी कर दी। इसके बाद अरबाज ने चाकू निकालकर मेरी गर्दन पर रख दिया और बोला कि चिल्लाया तो जान से मार दूंगा। इसके बाद उसने मेरी पेंट की जब से मोबाइल और 3550 रुपए कैश निकाल लिए और भाग निकला। प्रकरण दर्ज कर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाश अरबाज उर्फ भूरा पिता सलीम (25) निवासी बड़ी जीन राजीव कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, चाकू और मोबाइल जब्त किया गया। उसके खिलाफ पहले से ४ प्रकरण दर्ज हैं।









