कुछ हिस्सा बनकर तैयार बाकी का इंतजार

बिजली लाइन की जा चुकी है शिफ्ट, बेस भी तैयार, खुदाई का काम चल रहा
अक्षरविश्व आंखों देखी…
दो तालाब से आरएनटी चौराहा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण के साथ विकास के कई काम वर्तमान में युद्धस्तर पर चल रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के कई आंतरिक मार्गों का नगर निगम द्वारा चौड़ीकरण भी किया जा रहा है ताकि संकरे मार्गों को चौड़ा किया जा सके जिससे सिंहस्थ महापर्व के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। इसका उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना भी है। इन कनेक्टिंग सड़कों के नीचे अंडरग्राउंड सीवरेज और पानी की पाइप लाइन भी डाली जा रही हैं।
दरअसल, सनातन के सबसे बड़े महापर्व सिंहस्थ में प्रशासन ने 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया है। इसी को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। इसी के तहत दो तालाब से आरएनटी चौराहे तक रोड चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसकी मार्किंग पहले ही की जा चुकी है। एक हजार मीटर लंबे इस मार्ग को 18 मीटर चौड़ा किया जाना है। जिस पर करीब 13 करोड़ रुपए खर्च होंगे। फिलहाल दो तालाब की ओर से चौड़ीकरण काम चल रहा है। इसमें करीब 100 मीटर का एक हिस्सा बनकर तैयार हो गया है, जबकि उसके पास वाले हिस्से का बैस तैयार किया जा चुका है। इसके अलावा इसके आगे वाले हिस्से में खुदाई और गिट्टी डालने का काम किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द इस काम को पूरा किया जा सके।
बिजली की लाइन शिफ्ट
सबसे पहले बिजली वितरण कंपनी ने बिजली के खंभे लगाकर लाइन को शिफ्ट किया ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके अलावा जिस हिस्से में निर्माण कार्य चल रहा है। वहां नाली निर्माण का काम करीब-करीब पूरा हो चुका है जिस जगह कुछ काम शेष है उसे भी पूरा किया जा रहा है।
खुदाई का काम भी चल रहा
जिस जगह आरसीसी की सड़क बनाई जा रही है उसके आगे वाले हिस्से में सड़क के एक ओर खुदाई की जा रही। इसके अलावा जहां खुदाई हो चुकी है वहां पर गिट्टी डाल दी गई है और उसे समतल किया जा रहा है। इसके बाद बैस तैयार किया जाएगा और फिर इसका निर्माण किया जाएगा।
मंदिर विस्थापन को लेकर हो चुका विवाद
दरअसल, पिछले माह अप्रैल में नगर निगम द्वारा चौड़ीकरण के लिए पंचमपुरा क्षेत्र में मंदिर विस्थापन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। बहस से शुरू हुए विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया था। इस पूरे घटनाक्रम में एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गए थे, जबकि अन्य कई लोगों को भी चोटें आई थीं।









