हफ्ता वसूली से इनकार करने पर कोचिंग संचालक पर जानलेवा हमला

शहर के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित केशव नगर में मंगलवार को हफ्ता मांगने के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि केशव नगर निवासी इमरान, आरिफ और असलम ने एकराय होकर हथियारों के साथ स्थानीय मैथ्स पॉवर कोचिंग क्लास के संचालक अजय जागरी पर सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बताया जा रहा है कि अजय जागरी घर से भागवत कथा सुनने के लिए निकले थे, तभी रास्ते में उन्हें रोककर हमला किया गया। आरोप है कि पिछले कई दिनों से उनसे कथित रूप से हफ्ता वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा था और इनकार करने पर यह वारदात अंजाम दी गई।
हमले में अजय जागरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना स्थल नीलगंगा थाने के पास होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजय जागरी उज्जैन कोचिंग क्लास एसोसिएशन सनातनी के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं। संस्था ने आरोपियों पर संगठित अपराध जैसी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। साथ ही अवैध निर्माण की जांच कर कार्रवाई की भी मांग उठाई है।
संस्था का कहना है कि यदि सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कोचिंग क्लास संगठन, खत्री समाज एवं अन्य सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।









