गुंडा लिस्ट अपडेट नहीं की, क्राइम मीटिंग में अधूरी जानकारी लेकर पहुंचे टीआई

एसपी ने तीन पर लगाया 5 हजार का अर्थदंड, चौथे को कारण बताओ नोटिस
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। कूल माइंड से काम करने वाले एसपी प्रदीप शर्मा ने मंगलवार को क्राइम कंट्रोल बैठक में तीखे तेवर दिखाए। गुंडा लिस्ट अपडेट नहीं करने वाले तीन टीआई पर उन्होंने अर्थदंड किया तो अधूरी जानकारी रखने वाले महिदपुर टीआई को शोकॉज जारी कर दिया। बड़े त्योहार निपटने के बाद हुई क्राइम मीटिंग में एसपी के तेवर पूरे समय तीखे रहे।
पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई, नरवर थाना प्रभारी बल्लूसिंह मंडलोई और खाराकुआं टीआई लक्ष्मणसिंह देवड़ा ने गुंडों की लिस्ट अपडेट नहीं रखी थी। ऐसे में इन तीनों पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया। महिदपुर टीआई नरेंद्रसिंह परिहार बैठक में पूरी जानकारी लेकर नहीं आए थे, उन्हें शोकॉज नोटिस जारी किया।
इन मुद्दों पर केंद्रित रही मीटिंग
त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था- त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था पर मीटिंग केंद्रित रही।संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी। गश्त को और पुख्ता और चुस्त बनाया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
पेंडेसी खत्म करने पर जोर- एसपी ने पेंडेसी खत्म करने पर जोर दिया। उन्होंने पेंडिग केसों की जांच में तेजी लाने का कहा। इसके साथ ही स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी करने का भी कहा।
उल्टी दिशा में चल रहे थे विष्णु सागर के कैमरे १0 पुलिसकर्मियों को शोकॉज, इंक्रीमेंट रोकने की चेतावनी
उज्जैन। विष्णुसागर क्षेत्र में लगे पुलिस कैमरे उल्टी दिशा में चल रहे थे। इस बात का खुलासा 26 मार्च को उस वक्त हुआ, जब विष्णु सागर क्षेत्र से लापता ढाई साल की बालिका को तलाशने के लिए कैमरे खंगाले गए। मंगलवार को अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस कप्तान का गुस्सा फट पड़ा और उन्होंने कंट्रोलरूम प्रभारी सूबेदार मनीष शुक्ला सहित १० पुलिसकर्मियों को इंक्रीमेंट रोकने की चेतावनी देने वाला शोकॉज नोटिस जारी कर दिया।
एसपी प्रदीप शर्मा ने मातहतों से कहा कि मासूम की मौत के मामले में तकनीकी लापरवाही सामने आई है। यह सीधे-सीधे जनसुरक्षा से जुड़ा मामला है। अगर ऐसी ही ढिलाई बरतते रहे तो अपराधी कभी हाथ नहीं आएंगे। जांच में सामने आया कि विष्णुसागर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे गलत लोकेशन में लगे थे। तकनीकी त्रुटि के कारण यह पता ही नहीं चल रहा था कि बालिका कहां गई।
इसी तरह क्षेत्र के अन्य कैमरे भी 16 से 28 मार्च तक बंद थे। सुरक्षा की दृष्टि से इतनी बड़ी लापरवाही पर एसपी का गुस्सा फट पड़ा। उन्होंने कंट्रोल रूम प्रभारी सूबेदार मनीष शुक्ला से पूछा कि क्यों न आपकी वार्षिक वेतन वृद्धि रोक दी जाए? शुक्ला के साथ ही उपनिरीक्षक (रेडियो) अनिल सराफ, प्रधान आरक्षक विनोद मिश्रा, रवींद्रसिंह, रणजीतसिंह भाटी, कैलाश देवड़ा, महिला प्रधान आरक्षक नीलम चौहान, आरक्षक शुभम नामदेव और गगनदीप डाबी को भी नोटिस दिए गए हैं।
अनुकंपा और पेंशन मामलों में संवेदनशील रहने के निर्देश
एसपी शर्मा ने अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों को टाइमलाइन में निराकृत करने के निर्देश दिए। डीबीसी प्रभारी प्रकाश विश्वे को पेंडेसी प्रकरणों में सुधार लाने की हिदायत दी गई।









