जन्मदिन पर ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में कराई UFC फाइट, ₹567 करोड़ खर्च; विजेता से की मुलाकात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप यानी UFC मुकाबलों के साथ अपना 80वां जन्मदिन मनाया। UFC ने इस आयोजन पर करीब 6 करोड़ डॉलर यानी 567 करोड़ रुपए खर्च किए जिससे यह अब तक का सबसे महंगा UFC आयोजन बन गया। इस फाइट कार्ड में कुल 7 मुकाबले हुए और मेन फाइट लाइटवेट चैंपियन इलिया टोपुरिया और जस्टिन गेथजे के बीच हुई। 4 राउंड तक चले रोमांचक मुकाबले में अमेरिकी फाइटर गेथजे ने बड़ा उलटफेर करते हुए टोपुरिया को हराया और लाइटवेट टाइटल बेल्ट अपने नाम की। टोपुरिया को अपने करियर की पहली हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले देखने के लिए ट्रम्प, उनके कई सीनियर अधिकारी और हजारों सैन्यकर्मी मौजूद थे।

पहले मुकाबले में बो निकल का धमाका
पहले मुकाबले में बो निकल ने पहले ही राउंड में काइल डाउकस को नॉकआउट कर दिया। एक जोरदार लेफ्ट हुक और राइट पंच से प्रतिद्वंद्वी को गिराने के बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया। जीत के तुरंत बाद बो निकल रिंग से बाहर आए और सीधे राष्ट्रपति ट्रम्प के पास पहुंचे। दोनों ने हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत भी की।
ट्रम्प बोले — यह धरती का सबसे बड़ा शो
राष्ट्रपति ट्रम्प और कई अधिकारियों ने इस आयोजन की जमकर तारीफ की। ट्रम्प ने इसे धरती का सबसे बड़ा शो बताया। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने UFC को अमेरिका की सॉफ्ट डिप्लोमैटिक पावर करार दिया। इस पूरे इवेंट में कुल 14 फाइटर ने हिस्सा लिया। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस आयोजन का सबसे बड़ा फायदा UFC ब्रांड को मिलेगा जिसे एक जमाने में एक अमेरिकी सीनेटर ने मानव मुर्गा लड़ाई तक कह दिया था।
33 साल पहले शुरू हुआ था UFC का सफर
अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप आज दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स लीग है। इसकी शुरुआत 1993 में अमेरिका में हुई थी। उस दौर में बॉक्सिंग, कराटे, कुश्ती और ब्राजीलियन जिउ-जित्सु जैसी अलग-अलग फाइटिंग शैलियों के समर्थकों के बीच यह बहस होती थी कि असली मुकाबले में कौन सी तकनीक सबसे कारगर होगी। इसी सवाल का जवाब ढूंढने के लिए UFC का पहला टूर्नामेंट हुआ जिसमें ब्राजीलियन जिउ-जित्सु विशेषज्ञ रॉयस ग्रेसी चैंपियन बने। वे शारीरिक रूप से कई प्रतिद्वंद्वियों से छोटे और हल्के थे लेकिन अपनी तकनीक से बड़े और ताकतवर फाइटर्स को हराकर सबको हैरान कर दिया। आज फाइटर्स बॉक्सिंग, रेसलिंग, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, जिउ-जित्सु और किक बॉक्सिंग जैसी कई तकनीकों को मिलाकर मुकाबला करते हैं इसीलिए इसे मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स कहा जाता है।
अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे हो रहे
अमेरिका इस साल अपनी आजादी के 250 साल पूरे करने जा रहा है। जुलाई 1776 में ब्रिटेन से स्वतंत्र हुए अमेरिका के डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस पर 4 जुलाई 1776 को हस्ताक्षर हुए थे। इसी की 250वीं सालगिरह के मौके पर देशभर में परेड, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बड़े सार्वजनिक समारोह आयोजित किए जाएंगे। व्हाइट हाउस ने टास्क फोर्स 250 बनाई है जो संघीय सरकार, राज्यों, निजी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर इन आयोजनों की तैयारी कर रही है। UFC इवेंट भी इसी जश्न का हिस्सा था जिसे ट्रम्प प्रशासन प्रमुख आकर्षण के तौर पर पेश कर रहा है।









