जयपुर के परिवार से नृसिंह घाट पर भोजनालय संचालक मांग रहा था पार्किंग चार्ज, मारपीट

उज्जैन। श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी और मारपीट का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। जयपुर से आए एक परिवार के साथ मंगलवार रात नृसिंह घाट ब्रिज के पास पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जयपुर के प्रताप नगर (सांगानेर) निवासी नितिन चतुर्वेदी अपने परिवार के साथ महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए थे। मंगलवार रात करीब 8 बजे उन्होंने अपनी महिंद्रा थार (आरजे-45-सीवी-8304) नृसिंह घाट स्थित सांवरिया भोजनालय के सामने खड़ी की और दर्शन के लिए घाट चले गए। जब रात करीब 9.30 बजे परिवार वापस लौटे तो भोजनालय से दो युवक बाहर आए और 50 रुपए पार्किंग शुल्क की मांग करने लगे। जब नितिन ने शुल्क का कारण पूछा तो विवाद बढ़ गया।
महिला और बच्चों के साथ भी अभद्रता
शिकायत के अनुसार आरोपी महेंद्र और महेश माली (जो स्वयं को सगे भाई और भोजनालय संचालक बता रहे थे) ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने नितिन के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी और बेटे के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। जाते-जाते आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। महाकाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। घटना के तुरंत बाद पीडि़त परिवार महाकाल थाने पहुंचा। पुलिस ने नितिन चतुर्वेदी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
रंजिश में युवक को होली पर बुरी तरह पीटा
उज्जैन। होली के दिन तराना थाना क्षेत्र के मण्डावन गांव में जीवन पिता दुलेसिंह (28) को गांव में ही रहने वाले उसके पड़ोसी बाबूलाल व उसके दो पुत्र श्याम और जितेंद्र ने बुरी तरह पीट दिया। दोनों पक्षों में पहले से रंजिश चली आ रही है। घटना के दिन घूरने की बात पर विवाद बढ़ा और मारपीट हो गई। तीनों बाप-बेटों ने जीतेंद्र के हाथ-पैर बांधकर उसे खंूटे से बांद दिया फिर उसे बुरी तरह पीटा। घायल जीवन को पहले तराना अस्पताल में भर्ती किया। वहां से तबीयत और बिगडऩे पर जिला अस्पताल उज्जैन लाया गया है। तराना पुलिस ने मामले में प्रकरण कायम किया है।










