जागा देशभक्ति का जज्बा…’हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ

हर जगह लहराया तिरंगा…
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तिरंगा यात्राएं भी निकाली…
उज्जैन।स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव देश में मनाया जा रहा है। इसके तहत हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ आज सुबह 9 बजे से हुआ। 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों, शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सभी जगह तिरंगा लहराया जाएगा। सुबह से ही शहर में आयोजन हो रहे हैं। देशभक्ति के गीत गूंज रहे हैं। पूरा शहर तिरंगामय नजर आ रहा है।
सिंहस्थ मेला कार्यालय में संभाग आयुक्त संदीप यादव एवं विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन पर कलेक्टर आशीष सिंह एवं सभी जिला अधिकारियों द्वारा सुबह 9 बजे झंडा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया गया। लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से तिरंगा अभियान आरंभ किया गया है। इसमें अपने घरों के बाहर तिरंगा लगाना है। पिछले कई दिनों से अभियान को लेकर तैयारी की जा रही थी।
सुबह में शहर के सभी शासकीय कार्यालयों, शासकीय और प्रायवेट स्कूलों, दुकानों और घरों के बाहर भी लोगों ने तिरंगा लगाया। शहर में देशभक्ति के गीत भी गूंज रहे हैं। सार्वजनिक स्थलों पर भी ध्वज फहराया जा रहा है। कांग्रेस, भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसके साथ ही घर-घर तिरंगा झंडों का वितरण किया जा रहा है और लोगों को भी इसे लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
‘हर घर तिरंगा अभियान’ में ध्वज फहराने के बाद सेल्फी करें अपलोड
आज से हर घर तिरंगा अभियान प्रारंभ हो रहा है। अभियान के तहत सभी लोगों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहरायें। झंडा फहराने के साथ ही ध्वज के साथ सेल्फी लेकर प्रत्येक व्यक्ति harghartiranga.com पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। कलेक्टर आशीष सिंह ने जिले के सभी निवासियों एवं सभी अधिकारी-कर्मचारियों से कहा है कि वे हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें व सेल्फी खींचकर उसे वेब साइट पर अपलोड करें।
शासकीय कार्यालयों स्कूलों, घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में झंडा फहराया
15 अगस्त को भी होगा ध्वजारोहण
हर घर तिरंगा अभियान में ध्वजारोहण संबंध में कलेक्टर आशीषसिंह ने शासकीय कार्यालयों एवं विद्यालयों में झंडा फहराने के संबंध में स्पष्ट करते हुए कहा है कि सभी शासकीय कार्यालयों एवं विद्यालयों में हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत 13 अगस्त को सुबह 9 बजे झंडा फहराया जाएगा। यह झंडा 13 अगस्त की रात्रि में भी लगा रहेगा तथा 14 अगस्त की शाम को ससम्मान उतार लिया जाएगा। 15 अगस्त की सुबह ध्वज पुन: शासकीय कार्यालयों एवं विद्यालयों में प्रतिवर्ष स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले झंडावंदन के समय पर फहराया जाएगा।
फायनल रिहर्सल…परेड के साथ बच्चों ने दी प्रस्तुतियां
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह 15 अगस्त को दशहरा मैदान पर होगा। जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। समारोह को लेकर पिछले कुछ दिनों से दशहरा मैदान पर तैयारी चल रही थी। आज सुबह परेड की फायनल रिहर्सल हुई। इस दौरान कलेक्टर आशीषसिंह, एसएसपी सत्येंद्रकुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी। बारिश को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।