नगर गेर में 20 क्विंटल गुलाल और 5 क्विंटल फूल उड़ेंगे

बाबा महाकाल के आंगन से 8 मार्च को निकलेगी नगर गेर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रंगपंचमी पर नगर गैर इस बार और भी भव्य स्वरूप में नजर आएगी। इस वर्ष गेर में खास आकर्षण फूलों की होली होगी। इसके लिए 5 क्विंटल फूलों की व्यवस्था की गई है। साथ ही पर्यावरण और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए 20 क्विंटल हर्बल गुलाल और 30 किलो कलर का उपयोग किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाली यह परंपरागत गैर 8 मार्च को सुबह 8 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होकर गोपाल मंदिर तक निकलेगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को उपायुक्त योगेन्द्र सिंह पटेल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल ने बताया नगर गेर से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं शनिवार तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा, चिकित्सा और अनुमति के लिए प्रशासन व पुलिस को पत्र प्रेषित कर दिए गए हैं। महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव एवं निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने शहरवासियों से गेर का हिस्सा बनने अपील की है।
गेर का मुख्य आकर्षण
वाहन और यंत्र: 4 डीजे, 4 फायर फाइटर (पानी की बौछारों के लिए), 2 तासा पार्टी, 1 बैंड, और गुलाल उड़ाने के लिए 3 विशेष ब्लोअर मशीनें।
काफिला: ध्वज वाहन, ओपन आयसर, स्प्रिंकल वाहन और वाटर लॉरी शामिल रहेंगे।
जनसुविधा: गोपाल मंदिर पर फव्वारे, रास्ते में पेयजल की व्यवस्था और नागरिकों के लिए भजिये व ठण्डाई के स्टॉल लगाए जाएंगे।










