पश्चिम बंगाल में टीएमसी को बड़ा झटका, 58 विधायकों ने बनाया अलग गुट

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी से निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में 58 विधायकों ने अलग गुट बनाने का दावा किया है। ऋतब्रत बनर्जी का कहना है कि उनके साथ दो अन्य विधायक भी जुड़े हुए हैं।

बनर्जी ने बुधवार को बताया कि उनके समर्थन में 58 विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को पत्र सौंपकर उन्हें विधायक दल का नेता और नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता देने की मांग की है। उनके अनुसार विधानसभा अध्यक्ष ने इस मांग को मंजूरी दे दी है।नए गुट में जावेद खान, संदीपन साहा और सिउली साहा को उपनेता की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अखरुज्जमान को मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) नियुक्त किया गया है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या विधानसभा अध्यक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसी बीच वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने जानकारी दी कि टीएमसी विधायक फिरहाद हकीम ने कोलकाता के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है।बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत नेता प्रतिपक्ष के चयन से जुड़े एक प्रस्ताव पर कथित फर्जी हस्ताक्षरों के आरोप के बाद हुई थी। इसी मामले में ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, जिसके बाद यह राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया।









