Popup Image
Advertisement

पुतला लेकर नारे, आग लगाई तो पुलिस ने छीना

मामला सम्राट विक्रमादित्य विवि में पकड़ाई लेडी मुन्नाभाई का, एनएसयूआई का हंगामा

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में बीकॉम छठे सेमेस्टर की परीक्षा में सोमवार को लेडी मुन्नाभाई के पकड़े जाने के बाद मंगलवार को भी विरोध की आग भड़क उठी। आरोपी छात्रा के खिलाफ केस दर्ज होने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर एनएसयूआई ने कुलगुरु के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी हाथों में कुलगुरु डॉ. अर्पण भारद्वाज का पुतला लेकर विवि परिसर में दाखिल हुए और जमकर नारेबाजी की। इसकी सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

इसके बाद प्रदर्शनकारी विवि गेट के बाहर पहुंचे और पुतले में आग लगा दी लेकिन वह जलता उससे पहले ही पुलिसकर्मियों ने पुतला छीन लिया। हालांकि, कुछ पलों के लिए छीनझपटी जैसी स्थिति भी बनी। बाद में पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में ले लिया। एनएसयूआई का आरोप है पुलिस ने तो कार्रवाई कर दी लेकिन यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने मांग की कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

Advertisement

आपको बता दें कि सोमवार को वाग्देवी भवन में हुई बीकॉम छठे सेमेस्टर की एग्जाम में सपना भदौरिया नामक परीक्षार्थी की जगह इंजीनियरिंग कॉलेज की बीटेक की छात्रा विशाखा माहेश्वरी एग्जाम दे रही थी। इसकी जानकारी एनएसयूआई के तरुण परिहार ने विभागाध्यक्ष को दी जिसके बाद जांच की गई तो फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ। मामले में विवि प्रबंधन की ओर से केंद्राध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र कुमार भारल की रिपोर्ट पर माधवनगर पुलिस ने विशाखा माहेश्वरी को गिरफ्तार कर लिया है। वास्तविक परीक्षा सपना भदौरिया एवं ऋषभ नामक शख्स को भी आरोपी बनाया है। प्रारंभिक जांच में इसे सॉल्वर के जरिए परीक्षा देने का मामला माना गया है।

विवि प्रशासन चुप है
पुलिस ने अपना काम कर दिया लेकिन विवि प्रशासन अब तक चुप है। हमारी मांग है कि एचओडी सहित जिम्मेदार अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
तरुण परिहार विवि परिक्षेत्र अध्यक्ष, एनएसयूआई

Advertisement

दोषियों पर कार्रवाई करेंगे
प्रोक्टोरियल बोर्ड को जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की रिपोर्ट में क्या आता है, उसे भी देखेंगे। इसके बाद जो भी दोषी होंगे उन पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अर्पण भारद्वाज
कुलगुरु, सम्राट विक्रमादित्य विवि

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें