फुलेरा गांव में फिर लगेगी पंचायत, BTS लुक हुआ वायरल, सीज़न 5

OTT प्लेटफॉर्म पर कई वेब सीरीज आई हैं, लेकिन जो लोकप्रियता ‘पंचायत’ को मिली है, वह आज भी दर्शकों के बीच खास जगह बनाए हुए है। इस सीरीज के अब तक चार सीजन रिलीज हो चुके हैं और हर सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। अब एक बार फिर फुलेरा गांव में नई कहानी के साथ ‘पंचायत’ लौटने वाली है।
पंचायत सीजन 5 से दिखी स्टार्स झलक
पंचायत सीजन 5 से जुड़ी स्टार कास्ट की झलक भी सामने आई है। प्राइम वीडियो ने 3 अप्रैल 2020 को रिलीज हुए पहले सीजन की 6वीं सालगिरह के मौके पर इस सीरीज के अगले और बहुप्रतीक्षित सीजन की शूटिंग शुरू होने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस ऐलान के बाद फैंस में एक बार फिर उत्साह बढ़ गया है।
2020 में शुरुआत के बाद से ‘पंचायत’ लगातार भारत की सबसे पसंदीदा वेब सीरीज में से एक बनी हुई है। हर नए सीजन के साथ इसने दर्शकों के बीच अपनी खास जगह और मजबूत की है। अब इसके पांचवें सीजन की तैयारियां जोरों पर हैं, और हाल ही में मेकर्स ने सेट से कुछ तस्वीरें साझा की हैं।
इन तस्वीरों में जीतू भैया, मंजू देवी, प्रहलाद चा और बाकी कलाकार नजर आ रहे हैं। शूटिंग के दौरान ली गई इन बिहाइंड द सीन तस्वीरों में सभी कलाकार खुशमिजाज अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सीरीज को लेकर चर्चा और उत्साह दोनों बढ़ गए हैं।
सीजन 4 को मिला दर्शकों का खूब प्यार
सीजन 4 (Panchayat Season 4) को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था और इसने रिलीज के साथ ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। शुरुआत के पहले ही महीने में इस सीजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की थी और फ्रेंचाइजी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की थी।
रिलीज के पहले ही दिन यह सीरीज अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम और यूएई समेत 42 से ज्यादा देशों में ‘टॉप 10’ में ट्रेंड करने लगी थी। लॉन्चिंग वीक के दौरान इसे भारत के साथ-साथ कई अन्य देशों में भी बड़े पैमाने पर देखा गया। दर्शकों के इसी शानदार रिस्पॉन्स ने नए सीजन को लेकर उत्साह और भी बढ़ा दिया है।
क्लाइमैक्स के बाद अब सीजन 5 में क्या होगा?
सीजन 4 के क्लाइमैक्स के बाद से ही दर्शक अपने पसंदीदा फुलेरा गांव में वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पिछला सीजन उस मोड़ पर खत्म हुआ था जहां सचिव जी अपने ‘CAT’ रिजल्ट के बाद आगे की दिशा तय कर रहे थे, मंजू देवी पंचायत चुनाव में मिली हार के सदमे से उबरने की कोशिश कर रही थीं और प्रधान जी भी इस नतीजे से पूरी तरह प्रभावित नजर आए थे।
अब सीजन 5 इसी कहानी को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है, जिसमें फुलेरा की वही खास हल्की-फुल्की कॉमेडी, ड्रामा और नए ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं। दर्शकों को एक बार फिर गांव की राजनीति और रिश्तों की दिलचस्प उलझनों का मजा मिलने की उम्मीद है।
द वायरल फीवर (TVF) के प्रोडक्शन में बनी ‘पंचायत’ सीजन 5 को दीपक कुमार मिश्रा और चंदन कुमार ने मिलकर तैयार किया है। इस सीजन की कहानी चंदन कुमार ने लिखी है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी दीपक कुमार मिश्रा ने संभाली है। इस बार भी दर्शकों को वही पुरानी स्टार कास्ट देखने को मिलेगी।
सीरीज में जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवार और पंकज झा जैसे कलाकार एक बार फिर अपने-अपने किरदारों में नजर आएंगे। फुलेरा गांव की कहानी को आगे बढ़ाते हुए यह सीजन दर्शकों के लिए फिर से मनोरंजन और ड्रामा से भरपूर अनुभव लेकर आने वाला है।
फुलेरा गांव की दुनिया में इस बार क्या नया देखने को मिलेगा, इसे लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। फैंस लगातार सीरीज की रिलीज डेट को लेकर सवाल कर रहे हैं। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही फुलेरा की पंचायत एक बार फिर दर्शकों की स्क्रीन पर लौटेगी।


