मध्यप्रदेश:नगर निगम अकाउंटेंट निकला करोड़पति

8 लाख कैश, जेवर और प्रॉपर्टी के कागजात मिले, बंगला ही 3 करोड़ का

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुरैना नगर निगम के अकाउंट अफसर संतोष शर्मा (55) के 3 ठिकानों पर बुधवार सुबह लोकायुक्त ने एक साथ छापा मारा। मुरैना के बसंत विहार बंगले से 8 लाख कैश, बड़ी पॉलीथिन में भरकर सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। बंगले की कीमत ही 3 करोड़ रुपए है। घर से 3 कार और तीन बाइक भी मिली हैं। कई प्राॅपर्टी के कागज भी टीम के हाथ लगे हैं। टीम ने नैनागढ़ स्थित ट्रैक्टर की एजेंसी और ग्वालियर तारागंज स्थित उसके मकान पर भी कार्रवाई की। अभी कार्रवाई चल रही है।

टीआई कवीन्द्र सिंह ने बताया कि छापे के दौरान संतोष के घर से 8 लाख रुपए 500-500 के नोटों की गडि्डयां मिली हैं। सोने-चांदी के जेवर भी मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा 3 कारें भी घर से मिली हैं। मुरैना के बैंक में एक लॉकर भी मिला है।लोकायुक्त की टीम संतोष शर्मा से पूछताछ कर रही है। इस समय टीम के सदस्य नगर निगम कार्यालय में आ चुके हैं। यहां वह संतोष शर्मा के कागजातों की जानकारी निकाल रहे हैं।

संतोष शर्मा मुरैना में लेखाधिकारी के पद पर पिछले 10 वर्षों से जमे हैं। इससे पहले वह कैलारस में CMO के पद पर पदस्थ थे। बताया जाता है कि ऊंची राजनीतिक पहुंच के कारण अभी तक उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

Related Articles