लहसुन के खेत में किसान ने लगा दिए अफीम के 1300 पौधे, पुलिस ने उखाड़े

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। माकड़ौन थाना क्षेत्र में एक किसान ने लहसुन की फसल की आड़ में अफीम की खेती कर रहा था। मुखबिर से जैसे ही पुलिस को इसका पता चला तो तत्काल पुलिसकर्मी उक्त किसान के खेत पर पहुंचे और बिना अनुमति लगाए अफीम के 1300 पौधे जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। दरअसल, एएसपी देहात अभिषेक रंजन और एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में जिलेभर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
5 फरवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नांदेड़ निवासी रघुनाथ उर्फ रुगनाथ पिता आत्माराम देवड़ा ने नांदेड़-देवली रोड खदान के पास स्थित खेत में लहसुन की फसल के बीच अफीम के पौधे लगा रखे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम नांदेड-देवली रोड स्थित खेत पर पहुंची और तलाशी ली तो लहसुन की कतारों के बीच छोटे-छोटे अफीम के पौधे मिले जिनकी जांच करने पर अफीम के पौधे होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने मौके से 26 गठ्ठरों में अफीम के कुल 1300 पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन लगभग 6 किलो 100 ग्राम और अनुमानित कीमत 60 हजार रुपए है। आरोपी रघुनाथ उर्फ रुगनाथ देवड़ा (50) निवासी ग्राम नांदेड को मौके से गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। एसआई एवं जांच अधिकारी हुकुमसिंह सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया है।










