Advertisement

वकील की काटी थी जेब हेयर ड्रेसर बनकर काट रहा था फरारी, दबोचा

उज्जैन। करीब एक माह पूर्व गढ़कालिका मंदिर में हरियाणा के एक अभिभाषक की जेब काटने वाले आरोपी को जीवाजीगंज थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर धरदबोचा। आरोपी पहचान छिपाने के लिए महाकाल क्षेत्र के एक हेयर सैलून में काम कर रहा था। हरियाणा के पानीपत (अशोक विहार) निवासी अभिभाषक अभिमन्यु पिता वेदप्रकाश कौशिक 27 फरवरी को उज्जैन यात्रा पर आए थे। गढ़कालिका मंदिर में दर्शन के दौरान भारी भीड़ का लाभ उठाकर अज्ञात बदमाश ने उनकी जेब साफ कर दी थी। पर्स में 22 हजार रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe

Advertisement

जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां नजर आईं। हुलिए के आधार पर घेराबंदी की गई और मंगलवार को आरोपी जयदीप पिता लालशंकर भाटिया निवासी ग्राम छापी राजस्थान को भैरवगढ़ रोड से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह एक महीने से देवासगेट क्षेत्र की एक होटल में रह रहा था और अपनी पहचान छुपाने के लिए सैलून पर काम कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर होटल के कमरे से अभिभाषक का पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज और बचे 5 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए हैं। शेष राशि उसने खर्च करना कबूल किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध महाकाल थाने में पूर्व में जहरीली शराब का मामला भी दर्ज है। पुलिस को शंका है कि राजस्थान में भी आरोपी के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं और बचने के लिए वह उज्जैन में फरारी काट रहा था। इसी दौरान उसने यहां भी अपराध किए। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रवीण जाट, आरक्षक रूपेश ठाकुर, राहुल, हरिओम भदौरिया और भूपेन्द्र ठाकुर की मुख्य भूमिका रही।

Advertisement

Related Articles

Write a review