शाकाहारी के लिए प्रोटीन चाहिए तो डाइट में सत्तू हो…

शरीर पर मांसपेशी बढ़ाने के लिए प्रोटीन की जरूरत होती है, लेकिन लोगों को लगता है देसी और शाकाहारी चीजों से इसे प्राप्त नहीं किया जा सकता है। सत्तू एक पारंपरिक खाद्य पदार्थ है, जिसे आप शरबत, लड्डू या पराठे के रूप में खा सकते हैं। यह प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन देकर शरीर को मजबूत बनाने में मदद करता है।
सत्तू में मौजूद न्यूट्रिशन
सत्तू काफी पौष्टिक फूड है। इसके अंदर काफी अधिक मात्रा में प्लांट बेस्ड प्रोटीन होता है, जो शाकाहारी लोगों के मसल्स गेन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसका हाई फाइबर पाचन को सुधारता है और पेट को देर तक भरा रखता है। जिससे आपकी भूख शांत रहती है। इसके अंदर आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी मिनरल्स होते हैं और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट्स भी मौजूद होते हैं।
गौर करें… 5 तरीके सत्तू पीने के
नमकीन सत्तू ड्रिंक: 2-3 चम्मच सत्तू को ठंडे पानी के साथ मिलाएं। इसके अंदर भुना जीरा पाउडर, काला नमक, नींबू का रस और ताजा धनिया डालें। यह ड्रिंक शरीर को हाइड्रेट करने और खोए हुए साल्ट की रिकवरी करने में मदद करेगी।
सत्तू की मीठी ड्रिंक: सत्तू को पानी या दूध में मिलाएं। फिर इसके अंदर गुड़ और इलायची पाउडर डालकर पीएं। यह एक नेचुरल एनर्जी बूस्ट देगा।
सत्तू पराठा: सत्तू को मसाले, प्याज और कुछ हब्र्स के साथ मिलाकर व्होल व्हीट आटे से तैयार पराठों की स्टफिंग के रूप में इस्तेमाल करें।
सत्तू का दलिया: यह जल्दी बनने वाला हेल्दी नाश्ता है। इसे बनाने के लिए सत्तू को गर्म पानी या दूध के साथ मिलाकर सेवन कर सकते हैं।
सत्तू के लड्डू: इसे एक हेल्दी स्नैक और मिठाई के रूप में उपयोग कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए सत्तू को घी और गुड़ के साथ मिलाकर लड्डू की शेप दें।
किन बातों का रखें ध्यान?
सत्तू शरीर के लिए हेल्दी है, लेकिन इसका मॉडरेशन में सेवन करना चाहिए। पर्याप्त फ्लूइड के बिना और बहुत ज्यादा सत्तू खाने पर ब्लोटिंग और पेट की दिक्कतें हो सकती हैं। इसका सेवन करते हुए हमेशा पर्याप्त तरल लेने पर ध्यान दें। किडनी की बीमारी से परेशान या प्रोटीन नियंत्रित डाइट वाले लोगों को इसे नियमित तौर पर लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
कितना सत्तू लेना ठीक है? अधिकतर वयस्कों के लिए रोजाना 2 से 3 चम्मच सत्तू लेना काफी है। आप इसे नाश्ते और लंच के बीच में ड्रिंक के तौर पर, हल्की मील के तौर पर या एक्सरसाइज के बाद वाले प्लांट बेस्ड प्रोटीन सपोर्ट के रूप में ले सकते हैं।









