सीएम ने लगाया ‘मयूरासन’, सब रह गए दंग

भाजपा प्रशिक्षण वर्ग : दूसरे दिन की शुरुआत योग से, प्रदेशाध्यक्ष नहीं आए, प्रदेश प्रभारी समापन सत्र में शामिल होंगे
36 घंटे तक चली क्लास का परीक्षा से होगा समापन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की सीएम डॉ. मोहन यादव ने जब मयूरासन लगाया तो शिविरार्थी दंग रह गए। दो हाथों के बल पर शरीर को हवा में रखने वाले मयूरासन को बेहद कठिन आसन माना जाता है। सीएम ने बखूबी इसे कर दिखाया। खुद योगाचार्य डॉ. मिलिंद त्रिपाठी भी यह देखकर अवाक रह गए।
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत प्रात: बेला में योग से हुई। सफेद धोती-कुर्ता पहने सीएम डॉ. मोहन यादव ने योगाचार्य डॉ. मिलिंद त्रिपाठी के साथ प्रशिक्षक का जिम्मा संभाला। शुुरुआत प्राणायम की प्रक्रिया (अनुलोम-विलोम) से हुई और फिर योग शुरू हुआ। सीएम ने अलग-अलग योग करके दिखाए। शिविरार्थियों ने भी इसे दोहराने की पूरी कोशिश की लेकिन कुछ में वे कामयाब हुए और कुछ में नहीं।
उज्जैन के संगठन प्रभारी बजंरगलाल पुरोहित, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महंत राजेंद्र भारती, मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा मौजूद रहने वाले लोगों में प्रमुख थे। अल्पाहार के बाद पहला सत्र शुरू हुआ। मंदसौर-नीमच संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता ने शिविरार्थियों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति और एक बेहतरीन कार्यकर्ता बनने के टिप्स दिए। उन्होंने मंदसौर जिलाध्यक्ष रहते हुए संगठन के लिए किए अपने कामों का ब्योरा भी दिया और बताया कि आप जिस क्षेत्र में काम कर रहे हैं, उसकी छाप दिखनी चाहिए। शुक्रवार को तीन सत्र होंगे। अंतिम सत्र को मध्यप्रदेश के संगठन प्रभारी महेंद्रसिंह संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल किसी कारणवश शामिल नहीं हो पा रहे हैं।
क्या है मयूरासन
मयूरासन योग में किया जाने वाला एक आसन है। इसमें शरीर का पूरा संतुलन कोहनियों और हथेलियों पर टिका होता है। इस मुद्रा में शरीर जमीन के समानांतर रहता है और आकृति मोर जैसी बनती है। यह आसन शरीर के बाहरी और भीतरी स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है। यह आसान करने से पाचनतंत्र मजबूत होता है। शरीर डिटॉक्स होता है। हाथ, कलाई, कंधे और पेट की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। एकाग्रता बढ़ती है।
अंतिम सत्र के बाद परीक्षा
अंतिम सत्र के बाद परीक्षा होगी। शिविरार्थियों के मोबाइल नंबर पर लिंक आएगी। गूगल शीट में आने वाली इस लिंक पर क्लिक करते ही सवालों की फेहरिस्त सामने होगी और ऑब्जेक्टिव सामने होंगे। इनमें से सही पर क्लिक लगाना होगा। परिणाम आने के बाद प्रशिक्षण वर्ग का समापन होगा। करीब ४० घंटे से अधिक का समय बिताने के बाद दोपहर बाद प्रशिक्षणार्थी अपने घर जा सकेंगे।
सीएम जम्मू रवाना
कार्यक्रम में बाद सीएम डॉ. मोहन यादव उज्जैन से इंदौर रवाना हो गए। यहां से वे धार्मिक यात्रा के लिए जम्मू जाएंगे। मां वैष्णोदवी के दर्शन के बाद वह श्रीनगर जाएंगे।
View this post on Instagram









