सुरासा और साहेबखेड़ी के बदमाशों ने की थी जैन मंदिर में चोरी की वारदात

घर से मिला सोने का पतरा, शाम को पुलिस करेगी खुलासा

उज्जैन। 1-2 दिसंबर की रात धन्नालाल की चाल फ्रीगंज स्थित दिगम्बर जैन मंदिर के शिखर पर लगे सोने की परत वाले कलश को अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गये थे। मामले में नीलगंगा पुलिस ने सुरासा और साहेबखेड़ी के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर सोने का पतरा उनके घर से बरामद कर लिया है।
पिछले दिनों नीलगंगा थाना क्षेत्र के शांतिनाथ दिगंबर जैन के शिखर पर लगा सोने की परत चढ़ा कलश अज्ञात बदमाशों ने चोरी कर लिया था। मामले में नीलगंगा पुलिस ने इंदरचंद जैन पिता सूरजचंद जैन 81 वर्ष निवासी धन्नालाल की चाल की रिपोर्ट पर चोरी का केस दर्ज करने के बाद सीसीटीवी फुटेज चैक किये जिसमें दो बदमाश मोटर सायकल से मंदिर तक आते दिखे थे जिन्होंने सफेद कपड़े पहने थे।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुरासा में रहने वाले एक नाबालिग सहित साहेबखेड़ी के रंजित नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिन्होंने चोरी की वारदात कबूली और सोने की परत चढ़ा कलश रंजित के घर से बरामद किया। पुलिस शाम को मामले का खुलासा करेगी।









