होली पर घर जाना होगा आसान, रेलवे ने 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए

बांद्रा-अजमेर और बीकानेर-शिरडी समेत कई ट्रेनों के संचालन अवधि में विस्तार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। होली पर यात्रियों की भारी भीड़ और बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष किराये पर संचालित की जा रही 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों को विस्तारित किया गया है। रेलवे के इस कदम से उत्तर भारत और महाराष्ट्र की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इन ट्रेनों के फेरों को मार्च 2026 के अंत तक बढ़ाया गया है। इसमें बांद्रा टर्मिनस-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल अब 30 मार्च तक और अजमेर-बांद्रा टर्मिनस 29 मार्च तक अपनी सेवाएं देंगी। इसी तरह, अजमेर-दौंड साप्ताहिक स्पेशल को 26 मार्च और वापसी में 27 मार्च तक विस्तार दिया गया है। दक्षिण और पश्चिम भारत को जोडऩे वाली अजमेर-सोलापुर साप्ताहिक स्पेशल भी अब 25 और 26 मार्च तक पटरी पर दौड़ेगी।
धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए बीकानेर-साई नगर शिरडी साप्ताहिक स्पेशल के फेरे भी 28 और 29 मार्च तक बढ़ा दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, हिसार-खड़की साप्ताहिक स्पेशल 29 और 30 मार्च तक तथा हिसार-वलसाड साप्ताहिक स्पेशल 25 और 26 मार्च तक संचालित की जाएंगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे विस्तृत समय सारणी और कोच संरचना की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ काउंटर से प्राप्त कर सकते हैं।









