उज्जैन:रिटायर्ड एएसआई की बहू ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

मां ने कहा … पति शराब के नशे में करता था मारपीट इसलिये बेटी ने उठाया कदम

उज्जैन। राजेन्द्र नगर नीलगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पति से प्रताडि़त होकर घर में फांसी लगा ली। सोमवार दोपहर की घटना के बावजूद सुबह 11 बजे तक शव का पीएम कराने ससुरालजन अस्पताल नहीं पहुंचे। महिला की मां ने बताया कि ससुरालजनों की प्रताडऩा से तंग आकर बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। नीलगंगा पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

सोनू अनुरागी पति संतोष अनुरागी निवासी राजेन्द्र नगर नीलगंगा ने सोमवार दोपहर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसके पुत्र रोहित 14 वर्ष ने अपनी नानी सुशीला निवासी ताल को फोन पर घर में विवाद और मां द्वारा फांसी लगा लेने की सूचना दी। पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिये जिला चिकित्सालय पहुंचाया। खास बात यह कि मंगलवार सुबह 11 बजे तक सोनू का पति व अन्य ससुरालजन अस्पताल नहीं पहुंचे। यहां मौजूद सोनू की मां सुशीला ने बताया कि बेटी के ससुर सुखनंदन एएसआई पद से रिटायर हुए हैं। पति संतोष कोई काम नहीं करता और शराब पीने का आदी है। सोनू के दो बच्चे हैं। पति द्वारा शराब के लिये रुपयों की मांग की जाती थी। ससुरालजनों की प्रताडऩा से ही तंग आकर सोनू ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।









