छत्रीचौक पानी की टंकी डिस्मेंटल होगी

निगम आयुक्त ने चौराहे की मार्किंग के निर्देश दिए, चौड़ीकरण के कामों में तेजी का कहा
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। छत्रीचौक स्थित पानी की टंकी को चौड़ीकरण काम के कारण तोड़ा जाएगा और टंकी चौराहे को बड़ा किया जाएगा। शुक्रवार को यहां निरीक्षण करने पहुंचे निगम आयुक्त ने टंकी को तोडक़र चौराहा सौंदर्यीकरण के लिए जरूरी कामों को मार्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टंकी हटने के तुरंत बाद चौराहे की मार्किंग का कार्य पूर्ण किया जाए ताकि यातायात सुगमता के लिए आगे की योजना पर काम हो सके।
सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर शहर में चल रहे मार्ग चौड़ीकरण के कार्यों को समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चौड़ीकरण के मार्ग में आने वाली बाधाओं को दूर कर जल्द से जल्द मार्किंग और निर्माण कार्य को गति दी जाए।
धार्मिक स्थलों को शिफ्ट करने की तैयारी
निगम आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि तेलीवाड़ा चौराहे के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए मार्ग में आने वाले धार्मिक स्थलों अन्य जगह शिफ्ट हेतु स्थानीय रहवासियों और संचालकों से चर्चा की। ढाबारोड़ से दानीगेट मार्ग पर भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने चौड़ीकरण की राह में बाधक गिराऊ भवनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। मार्ग में शेष रहे नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने और जिन स्थानों पर वर्तमान में पानी भरा हुआ है, वहां सीवर क्लीनिंग मशीन लगाकर तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने की बात कही।
पोल शिफ्टिंग और लाइन कनेक्टिविटी में लाएं तेजी
केडी गेट से खजूर वाली मस्जिद चौड़ीकरण कार्य का जायजा लेते हुए आयुक्त ने विद्युत पोल शिफ्टिंग के कार्य की समीक्षा की। उन्होंने पोल हटाने के पश्चात तत्काल लाइन को कनेक्ट करने और मार्ग में सीआरएम कार्य के बाद डीएलसी बिछाने के कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री हिमांशु तिवारी, प्रभारी कार्यपालन यंत्री साहिल मैदावाला, सहायक यंत्री डी.एस. परिहार, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, उपयंत्री राजेंद्र रावत और संबंधित ठेकेदार भी साथ थे।

Advertisement
Advertisement









