जैविक सब्जियों और खाद्यान्नों की खरीदी बिक्री के लिए स्थायी मार्केट की जरूरत

By AV NEWS

जैविक वस्तुओं के लिये खेतों तक भटक रहे शहरवासी….

उज्जैन।शहर में जैविक सब्जियों और खाद्यान्न का बाजार नहीं होने के कारण शहरवासियों को खेतों तक भटकना पड़ रहा है। खास बात यह कि उज्जैन संभाग में गिनती के किसान ही जैविक सब्जियां और खाद्यान्न की फसल लेते हैं ऐसे में लोगों को आसानी से उक्त सामान नहीं मिल पा रहा।वर्तमान में उज्जैन संभाग में दो प्रकार से किसानों द्वारा खेती की जा रही है। जैविक खेती में जहरीले रसायनों का उपयोग नहीं होने के कारण लोगों द्वारा जैविक खाद्यान्न और सब्जियों को अधिक पसंद किया जा रहा है, लेकिन लोगों को यह सामग्री आसानी से उपलब्ध नहीं होती। शहर में जैविक सब्जियों और खाद्यान्न का बाजार नहीं होने से लोगों को खेतों तक पहुंचकर जैविक सब्जियां खरीदना पड़ रही हैं।

नगर निगम के ठहराव पर अमल नहीं
उज्जैन शहर में जैविक हाट लगवाने के संबंध में पार्षदगणों द्वारा नगर निगम साधारण सम्मिलन की बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत किया था जिसमें उल्लेख था कि वर्तमान समय में जैविक वस्तुओं सब्जियों एवं खाद्यान्न को लोगों द्वारा बहुत पसंद किया जा रहा है और जैविक वस्तुएं खरीदने के लिये आम नागरिकगणों को भटकना पडता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए पृथक से जैविक हाट बाजार साप्ताहिक रूप से लगाया जावे। इस पर सभापति सोनू गेहलोत ने इंदिरा नगर पेट्रोल पम्प साइड के फुटपाथ पर सप्ताह के प्रत्येक रविवार को जैविक वस्तुओं के क्रय-विक्रय हेतु हाट बाजार लगाने की स्वीकृति दी लेकिन आज दिनांक तक नगर निगम के अधिकारियों द्वारा इस पर अमल नहीं किया गया है।

4 किसान हैं रजिस्टर्ड
जिला उद्यानिकी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार संभाग में ४ किसान रजिस्टर्ड हैं। जिसमें प्रो. सुधामल निवासी पिंगलेश्वर, ईश्वर सिंह निवासी शंकरपुर, एसएस सिसौदिया निवासी देवास, राजाराम निवासी पिपल्या हामा है। बाकि किसानों की अंडर प्रोसेसिंग चल रही है। किसान अपने खेतों के कुछ हिस्से में जैविक सब्जियों की खेती करते हैं और बाकि खेत में गेहूं, चना, सोयाबीन आदि की फसल लेते हैं। अनिल राठौर निवासी ढाबला धूता घट्टिया, रामप्रसाद यादव निवासी सदावल और इनके भाई लखन यादव, संदीप ठाकुर निवासी चारोला महिदपुर, कन्हैयालाल निवासी सांदला बदनावर, अश्विनी सिंह निवासी पिपल्या हामा घट्टिया, पप्पू आंजना निवासी हरियाखेड़ी व जगदीश आंजना पालखेड़ी जैविक कर रहे हंै।

एक ही किसान चला रहा दुकान
वर्तमान में ईश्वर सिंह डोडिया निवासी शंकरपुर ने सोशल मीडिया अकाउंट पर जैविक तरीके से सब्जियां व खाद्यान्न की खेती करने वालों का ग्रुप बना रखा है। ईश्वर सिंह डोडिया इन किसानों से जैविक सब्जियां व खाद्यान्न खरीदकर आम लोगों तक डिलेवरी करता है।

पिंग्लेश्वर में खेत से बिकती जैविक सब्जियां
प्रो. सुधामल का पिंगलेश्वर में फार्म हाउस है। उनके द्वारा यहां जैविक तरीके से सब्जियां व अन्य खाद्यान्न की खेती की जाती है, लेकिन वह अपने खेत की सब्जियां व खाद्यान्न शहर में बाजार नहीं होने के कारण खेत से ही विक्रय करती हैं। खास बात यह कि यदि ताजी सब्जियों का विक्रय नहीं होता है तो उसे नष्ट कर खाद बना दी जाती है।

Share This Article